19...एमडीयू में अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करते संयुक्त संघर्ष समिति क सदस्य। संवाद
रोहतक। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय में चल रहे कथित भ्रष्टाचार, छात्रों की एंट्री बैन व अवैध शिक्षक भर्ती प्रक्रिया के विरोध में सोमवार को संयुक्त छात्र संघर्ष समिति ने जोरदार प्रदर्शन किया। छात्रों ने कुलपति कार्यालय का घेराव कर अपनी आवाज बुलंद की। यहां भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।
डॉ. आंबेडकर मिशनरीज विद्यार्थी एसोसिएशन के अध्यक्ष विक्रम डुमोलिया ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन को छात्रों की संवैधानिक मांगों को गंभीरता से लेते हुए तुरंत उचित कार्रवाई करनी चाहिए।
छात्र नेताओं ने शिक्षक भर्ती प्रक्रिया में हरियाणा सरकार की ओर से निर्धारित आरक्षण नीति एवं एसओपी का सख्ती से पालन करने पर भी जोर दिया। छात्र नेता दिनेश कुमार कांगड़ा ने विश्वविद्यालय प्रशासन से मांग की कि महिला सफाई कर्मचारियों को न्यायिक जांच में हर संभव सहायता प्रदान की जाए। इससे महिला सम्मान बहाल हो सकेगा।
पीजीआई थाना प्रभारी रोशन लाल व सुरक्षा अधिकारी तरुण कुमार शर्मा ने विद्याथियों को समझा कर शांत कराया। इसके बार विद्यार्थियों ने मौके पर उपस्थित ड्यूटी मजिस्ट्रेट एसडीओ आदित्य बेदी को कुलाधिपति व मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर प्रदीप मोटा, नसीब सिंह, हिमांशु देशवाल, कपिल, युद्धवीर, नवीन चौधरी, प्रवेश नांदल प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।