रोहतक। स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) हरियाणा राज्य कमेटी का दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर सुखपुरा चौक प्रभात भवन में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण शिविर के पहले दिन सत्र की अध्यक्षता अमित पूनिया ने की। संचालन राज्य सचिव मंजीत सिंह ने किया।
प्रशिक्षण शिविर के प्रथम सत्र में हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के दो बार छात्र संघ अध्यक्ष व एसएफआई हरियाणा के पूर्व राज्य सचिव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में छात्र-छात्राओं के पास अपनी समस्याएं और मांगें उठाने का कोई मंच नही है। उन्होंने कहा कि भाजपा भी अन्य पार्टियों की तरह ही छात्र संघ चुनाव पर मात्र ढकोसले के कुछ नहीं कर रही। एसएफआई के पूर्व राज्य सचिव सुरेंद्र सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में देश में धर्म और जाति पर आधारित राजनीति की जा रही है। किसी भी तरीके की धार्मिक और जातिवादी कट्टरता देश की जनता की एकता व अखंडता के लिए खतरा है। राज्य अध्यक्ष विनोद गिल ने कहा कि मोदी राज में पर्चा लीक व परीक्षा घोटाला आम बात हो गई है। युवाओं के जीवन के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। इस मौके पर राज्य उपप्रधान सुखदेव, मधु, सागर, ज्योति, मोहित, राखी, निखिल, नपूरा, पवन, रविंद्र, अतुल, नेहा, नवीन, दीपक, सहित एसएफआई के सदस्य मौजूद रहे।