परीक्षा के लिए दिखा छात्रों में जबरदस्त उत्साह, 620 परीक्षार्थी हुए शामिल
- फोटो : amar ujala
हर वर्ष की तरह इस साल भी अमर उजाला के साथ मेधावियों ने सपनों की उड़ान भरी। स्वर्णिम भविष्य के लिए छात्र-छात्राओं ने अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से संचालित अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा में बढ़-चढ़कर भाग लिया। इसके लिए बच्चों में गजब का उत्साह देखा गया।
छात्रवृत्ति परीक्षा के लिए शहर के इंडस पब्लिक स्कूल को परीक्षा केंद्र बनाया गया था। परीक्षा के लिए बच्चों में इस कदर उत्साह था कि वह सुबह आठ बजे की अभिभावकों के साथ सेंटर पर पहुंचने लगे थे। दस बजे तक स्कूल के बाहर बच्चे ही बच्चे नजर आ रहे थे। गेट के बाहर लंबी-लंबी कतारें लग गई थीं। सुबह 10 बजे आईकार्ड देखकर बच्चों को अंदर एंट्री दी गई। इसके बाद 11 से 12:30 बजे तक परीक्षा कराई गई। परीक्षा में रोहतक, झज्जर, भिवानी और सोनीपत जिलों के 620 बच्चे शामिल हुए। आसान प्रश्न पत्र देखकर बच्चे चहक उठे। सभी ने ओएमआर सीट पर पेपर हल किया। अधिकतर बच्चों ने समय से पहले पेपर हल कर दिया। जैसे ही परीक्षा खत्म हुई सभी बच्चे एक-दूसरे से पेपर के बारे में पूछते नजर आए। वहीं, अभिभावकों ने भी परीक्षा के बाद अमर उजाला का आभार जताया। अभिभावकों का कहना था कि इस परीक्षा से बच्चों की जनरल नॉलेज तो बढ़ती ही है, साथ ही बच्चों को आगे बढ़ने का रास्ता भी मिलता है। इससे पहले चरण की परीक्षा 13 नवंबर को अन्य शहरों में कराई गई थी।