रोहतक। हड़ताली लिपिकों ने सरकार को चेतावनी दी है कि 5 अगस्त तक उनकी मांगों को पूरा नहीं किया गया तो 6 अगस्त को जिलास्तर पर प्रदर्शन होगा, साथ ही 12 से 15 अगस्त तक हड़ताल की जाएगी। जरूरत पड़ी तो हड़ताल आगे बढ़ाएंगे।
क्लर्क एसोसिएशन वेलफेयर सोयाइटी के राज्य प्रधान बलजीत जून ने बताया कि सरकार ने 27 जुलाई को संगठन के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात कर 5 अगस्त तक मांगों का समाधान करने का आश्वासन दिया था। इसलिए संगठन ने 28 जुलाई को पंचकूला में मुख्यमंत्री आवास घेराव को स्थगित कर दिया था, लेकिन उनके दो प्रतिनिधियों को सरकार के अधिकारियों ने छह दिन तक सचिवालय में तो बैठाए रखा, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार सिर्फ बहकाने का काम कर रही है।
राज्य महासचिव सतीश ढाका ने बताया कि अगर सरकार 5 अगस्त तक मांगों को नहीं मानती है तो 6 अगस्त को सभी जिलों में प्रदर्शन किया जाएगा व 12 अगस्त से तीन दिन की हड़ताल की जाएगी। उन्होंने कहा कि अगर जरूरत पड़ी तो हड़ताल को अनिश्चितकालीन किया जा सकता है। सीडब्ल्यूएस ने चेतावनी दी है कि अगर सरकार ने उनकी मांगों को नहीं माना तो आने वाले विधानसभा चुनाव में इसका खामियाजा भुगतना होगा।