रोहतक। बाजारों में लग रहे जाम को देखते हुए पुलिस ने अतिक्रमण करने वाले व्यापारियों के खिलाफ सख्ती बरतने का फैसला किया है। वीरवार को रेलवे रोड पर व्यापारियों और ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों के बीच बैठक हुई। इस दाैरान पुलिस ने व्यापारी नेताओं को दो दिन का अल्टीमेटम दिया। अगर अतिक्रमण हुआ तो पुलिस सामान जब्त कर केस दर्ज करेगी। अब व्यापारी दो दिन में सभी दुकानदारों के हस्ताक्षर करवाकर पुलिस को देंगे। वहीं, सब्जी मंडी में पुलिस की सख्ती के चलते वीरवार को अतिक्रमण नजर नहीं आया।
ट्रैफिक पुलिस के पश्चिम जोन के निरीक्षण रवींद्र कुमार ने बताया कि किला रोड के बाहर, रेलवे रोड, भिवानी स्टैंड से लेकर दुर्गा भवन मंदिर तक जाम की स्थिति बनने लगी है। सड़क काफी चौड़ी है, लेकिन अतिक्रमण की वजह से दिक्कत आ रही है। दूसरा, लोकसभा चुनाव को लेकर गतिविधियां और तेज होने वाली हैं। ऐसे में बाजारों में भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाने हैं। ऐसे में एसपी हिमांशु गर्ग के निर्देशानुसार रेलवे रोड पर व्यापारी नेताओं के साथ बैठक की गई। प्रधानों के अलावा दुकानदार अजय जैन, संजय जैन, प्रभास जैन, शैलेश जैन, सुरेन्द्र, अंकित जैन, अशोक कुमार, व्यापारी नेता हेमंत बक्सी, संजय व अन्य दुकानदार भी मौजूद रहे।