रोहतक। शहर के सेक्टर तीन के कम्युनिटी सेंटर में शनिवार सुबह अजीब स्थिति बन गई। नगर निगम की टीम शादी समारोह के अंदर प्रॉपर्टी स्वयं प्रमाणित करने के लिए शिविर लगाने पहुंच गई। सेक्टर तीन रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) के प्रधान सुखबीर हुड्डा मौके पर पहुंचे और आरडब्ल्यूए के कार्यालय में शिविर लगवाया। शिविर में शाम चार बजे तक 50 के करीब लोग ही प्रॉपर्टी स्वयं प्रमाणित करवाने पहुंचे।
पहले कम्युनिटी सेंटर को नगर निगम खुद संचालित करता था, लेकिन अब ज्यादातर कम्युनिटी सेंटर को ठेके पर दिया गया हुआ है। निगम ने सेक्टर तीन के कम्युनिटी सेंटर में प्रॉपर्टी को स्वयं प्रमाणित करवाने के लिए शिविर लगाना तय हुआ। चार कर्मचारी शनिवार सुबह ठीक नौ बजे लैपटॉप और दूसरे उपकरण लेकर पहुंचे। ठेकेदार ने कहा कि कम्युनिटी सेंटर में तो आज शादी समारोह है। इससे असमंजस की स्थिति बन गई, क्योंकि लोगों को बताया गया था कि कम्युनिटी सेंटर में प्रॉपर्टी स्वयं प्रमाणित करने आना है। करीब 10:30 बजे शिविर का संचालन शुरू हो सका।
नगर निगम के रिकाॅर्ड के मुताबिक 2 लाख 17 हजार के करीब प्रॉपर्टी आईडी हैं। निजी कंपनी ने सर्वे किया तो 80 प्रतिशत प्रॉपर्टी आईडी में गड़बड़ी कर दी गई, इससे लोगों को दिक्कत आ रही है। प्रॉपर्टी का रिकार्ड सही करने व स्वयं प्रमाणित करवाने के लिए नगर निगम की तरफ से 5,8,10 अप्रैल को शिविर लगाए गए हैं जबकि 11 से 13 तक आरडब्ल्यूए व दूसरी सामाजिक संस्थाओं से शिविर लगवाए जा रहे हैं। शनिवार को सेक्टर तीन के कम्युनिटी सेंटर में शिविर लगाया गया। रविवार को जाट भवन सेक्टर एक व सेक्टर 5 के कम्युनिटी सेंटर में शिविर लगेगा।
ओटीपी देने से हिचक रहे लोग, बोले- पहले प्रधान से बात करवाओ
प्रधान सुखबीर हुड्डा ने बताया कि लोग वन टाइम पासवर्ड (ओटीपी) देने से हिचक रहे हैं, क्योंकि अगर लोग ओटीपी पूछकर खाने से पैसे निकाल लेते हैं। शनिवार को पांच लोगों ने प्रधान से सवाल किया, कहीं ठग तो नहीं आ गए हैं। तसल्ली के बाद ही प्रॉपर्टी को स्वयं प्रमाणित करवाया गया।
थोड़ी देर के बाद सुबह सेक्टर तीन स्थित कम्युनिटी सेंटर में टीम को बैठाने में दिक्कत आई थी। बाद में आरडब्ल्यूए के कार्यालय में शिविर लगाया गया। अब रविवार को जाट भवन सेक्टर एक व सेक्टर 5 में शिविर लगाया जाएगा।
विजय सिंह, संयुक्त आयुक्त नगर निगम