संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतक। पीजीआई के ट्रॉमा सेंटर में में वीरवार को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के तत्वावधान में ट्रॉमा सेंटर में प्रदेश का पहला नेशनल इमरजेंसी लाइफ सपोर्ट (एनईएलएस) स्किल सेंटर स्थापित किया गया है। इसका उद्घाटन स्वास्थ्य विज्ञान विवि के कुलपति डॉ. एचके अग्रवाल ने किया।
कुलपति ने कहा कि दुर्घटना, हृदयाघात, स्ट्रोक और अन्य आपात स्थिति में पहले कुछ मिनटों में दिया गया सही उपचार मरीज का जीवन बचा सकता है। एनईएलएस के माध्यम से अब हमारे डॉक्टर, नर्स और पैरामेडिकल स्टाफ को एक मानकीकृत और वैज्ञानिक प्रशिक्षण मिलेगा।
सेंटर से न केवल पीजीआई के स्वास्थ्य कर्मी बल्कि पूरे हरियाणा व आसपास के राज्यों के चिकित्सक लाभान्वित होंगे। पीजीआई निदेशक ने कहा कि एनईएलएस के लिए संस्थान की तरफ से समर्पित भवन उपलब्ध कराया गया है जो इस सुविधा को और भी विशिष्ट बनाता है।
उन्होंने कहा, कि उच्च गुणवत्ता वाले सिमुलेशन, उपकरण व प्रशिक्षित फैकल्टी के साथ यह सेंटर हरियाणा में इमरजेंसी केयर की संस्कृति को मजबूत करेगा। स्किल सेंटर के नोडल अधिकारी डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि संस्थान में 20 से 22 अगस्त तक एनईएलएस ट्रेनर वर्कशॉप का आयोजन भी किया जा रहा है। इसमें एनईएलएस कार्यक्रम से प्रशिक्षित फैकल्टी व स्वास्थ्य पेशेवर भाग लेंगे।
इस अवसर पर कुलसचिव डॉ. रूप सिंह, पीजीआई निदेशक डॉ. एसके सिंघल, आईएमएच की निदेशक कम मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. सुजाता सेठी, निश्चेत विभागाध्यक्ष डॉ. सुशीला तक्षक, डॉ. किरणप्रीत व अन्य उपस्थित रहे।