स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ परफार्मिंग एंड विजुअल आर्ट्स के छात्रों ने बुधवार को रेलवे स्टेशन पर भीख मांगकर विरोध जताया। उनका आरोप है कि यूनिवर्सिटी प्रशासन की लापरवाही के चलते उनकी डिग्री नहीं मिल रही, जिस कारण उनका एक वर्ष बर्बाद हो रहा है।
फाइन आर्ट डिपार्टमेंट की छात्र-छात्राएं इकट्ठा होकर बुधवार दोपहर को रेलवे स्टेशन पर पहुंची। छात्रों ने वहां पर यात्रियों से भीख मांगी। इस दौरान छात्रों का कहना था कि उनका कोर्स पूरा हो चुका है, लेकिन अभी तक भी उन्हें डिग्री नहीं मिली है।
डिग्री को लेकर यूनिवर्सिटी प्रशासन एमडीयू पर दोष मढ़ देता है तो एमडीयू के अधिकारी स्टेट यूनिवर्सिटी पर। अधिकारियों की लापरवाही के कारण वह डिग्री के लिए दर-दर की ठोकरें खा रहे हैं। लगभग एक घंटे तक छात्रों ने रेलवे स्टेशन पर भीख मांगकर विरोध जताया।
इसके साथ ही छात्रों ने आशंका जाहिर की है कि यूनिवर्सिटी प्रशासन जल्दी ही इंटीरियर डिजाइन का कोर्स बंद करने की तैयारी में है। छात्रों ने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होगी वह शहर में विभिन्न स्थानों पर हर रोज साढ़े बारह से ढाई बजे तक इसी तरह विरोध प्रदर्शन करेंगे।
इस प्रदर्शन में राहुल, रिंकू बराला, पुष्पा, अनिल, रितु, देवेंद्र, नवीन और मंजू शामिल रहे।