झज्जर। आगामी 7 अप्रैल को रोहतक में सुनार समाज का राज्य स्तरीय परिचय सम्मेलन किया जाएगा। महाराज अजमीढ़ जी सुनार जन सेवा संस्थान रोहतक के तत्वाधान में होने वाले परिचय सम्मेलन की सफलता सुनिश्चित करने के लिए पदाधिकारियों द्वारा राज्य के विभिन्न शहरों, कस्बों तथा गांव गावं जाकर लोगो को निमंत्रण दिया जा रहा है।
अजमीढ जी सुनार जन सेवा संस्थान रोहतक के प्रधान सुरेंद्रपाल, महासचिव सुरेंद्र वर्मा, उपप्रधान राजकुमार वर्मा, सहसचिव राजेश वर्मा व राममेहर वर्मा ने बताया कि परिचय सम्मेलन में देश सेवा व कर्तव्यनिष्ठा के अलावा समाज में फैली कन्या भ्रूण हत्या रोकथाम व नशामुक्ति के लिए जन जागरण अभियान चलाने की शपथ दिलाई जाएगी। राज्य के युवाओं को नशामुक्त रखने व कन्या भ्रूण हत्या रोकथाम के लिए संस्थान के कार्यकर्ता घर घर जाकर जागरूकता पैदा करने के अभियान को अंतिम रूप से दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसके अलावा सम्मेलन में राज्य में स्वर्ण कला बोर्ड का गठन करने, राज्य मे पिछडे़ वर्ग की क्रीमी लेयर आय सीमा 6 लाख से बढ़ाकर 18 लाख करने, सभी राजनीतिक दलों से आगामी लोकसभा व विधानसभा में चुनाव में सुनार समाज सहित पिछडे़ ए वर्ग को 16 प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने की मांग भी की जाएगी।