रोहतक। व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष बजरंग दास गर्ग का कहना है कि भाजपा की गलत नीतियों से व्यापारी व कारोबारी पिछड़ता जा रहा है। 11 अगस्त को इसके विरोध में व्यापारियों का प्रदेशस्तरीय सम्मेलन होगा। गर्ग शनिवार को सोनीपत रोड स्थित निजी होटल में मीडिया से बातचीत कर रहे थे।
पानीपत में होने वाले सम्मेलन के संयोजक बजरंग दास गर्ग ने कहा कि जनता के आम उपयोग में आने वाली वस्तुओं पर पांच प्रतिशत वैट कर को हटाकर 28 प्रतिशत जीएसटी लगा दिया। कपड़ा व खाद्य वस्तुओं पर वैट कर नहीं था। सरकार ने इन वस्तुओं पर पांच प्रतिशत जीएसटी लगा दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में ऐसा कोई दिन खाली नहीं जाता जिस दिन व्यापारी व आम जनता के साथ लूटपाट, फिरौती, अपहरण व हत्या की वारदात न होती हों। सरकार अपराध पर अंकुश लगाने में विफल सिद्ध हुई है।
बजरंग गर्ग ने कहा कि हरियाणा में व्यापार व उद्योगों की समस्याओं के समाधान के लिए व्यापारियों ने 11 अगस्त को पानीपत में प्रदेशस्तरीय व्यापारी प्रतिनिधि सम्मेलन होगा। सम्मेलन में प्रदेश के सभी ट्रेड के व्यापारी प्रतिनिधि, व्यापार मंडल के जिला, शहरी, नगर व मंडियों के प्रधान भाग लेंगे। सम्मेलन में प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा मुख्य अतिथि होंगे। अध्यक्षता हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष उदय भान करेंगे। इस मौके पर व्यापार मंडल के प्रदेश महासचिव एडवोकेट रमेश खुराना, जिला प्रधान पंकज सचदेवा, उप प्रधान राहुल जैन, कार्यकारी सदस्य राजीव अत्री व कमलेश चहल, वैश्य समाज के जिला प्रधान लोकेश जैन, अनिल, गुलशन खुराना, विनोद पहावा, सुधीर शर्मा व अन्य सदस्य उपस्थित रहे।