रोहतक। व्यापार मंडल का राज्यस्तरीय व्यापारी सम्मेलन टोहाना के भाटिया भवन में 11 फरवरी प्रात : 11:00 बजे होगा। हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रदेश महासचिव रमेश खुराना ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सम्मेलन में मुख्य अतिथि हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष और हरियाणा कॉन्फेड के पूर्व चेयरमैन बजरंग गर्ग होंगे। इसमें संगठन के जिला, शहरी, ब्लाॅक प्रधान व प्रदेश के प्रतिनिधि भाग लेंगे। इस सम्मेलन में व्यापारियों की समस्याएं उठाने के साथ संगठन के विस्तार पर विचार किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि सम्मेलन को गर्ग सहित अन्य व्यापारी नेता संबोधित करेंगे और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भी व्यापार मंडल की कोर कमेटी का गठन किया जाएगा। उद्योगपतियों को गुड्स एंड सर्विस टैक्स, भ्रष्ट अफसरशाही, ऑनलाइन व्यापार, व्यापारी व उद्योगपतियों के साथ ऑनलाइन फ्रॉड, मार्केट कमेटी, शहरी निकाय विभाग, अन्य सरकारी विभागों व व्यापारी और उद्योगपतियों को लोकल स्तर पर अनेकों समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।