रोहतक। कान्ही रोड स्थित बीएसबी (भालौठ सब ब्रांच) नहर को पक्का न करने की मांग पर धरना दे रहे ग्रामीणों को रविवार को पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा ने अपना समर्थन दिया। कहा, प्रदेश सरकार लोगों को पानी उपलब्ध कराने में पूरी तरह विफल है। पानी का स्तर घटता जा रहा लेकिन सरकार कोई कदम नहीं उठा रही है। किसान व मजदूर वर्ग जूझ रहा है।
रिठाल गांव में कान्ही रोड स्थित भालौठ सब ब्रांच नहर पर ग्रामीणों का धरना रविवार को 9वें दिन भी जारी रहा। इसमें आसपास के ग्रामीणों ने हिस्सा लिया। धरनास्थल पर पहुंचे हुड्डा ने किसानों व ग्रामीणों को हर प्रकार की मदद का आश्वासन दिया। कहा कि सरकार के समक्ष किसानों की जायजा को मांग और मुद्दों को उठाया जाएगा।
ग्रामीण राममेहर हुड्डा ने कहा कि प्रशासन जायज मांगों को हल न कर हठधर्मिता पर उतारू है। भीषण गर्मी के बावजूद लोग दिन-रात धरने पर बैठे हैं। यह सरकार के गांव विरोधी चरित्र को उजागर करता है। पीने के पानी पर सबका बराबर हक है लेकिन अगर नहर का तल आरसीसी से पक्की हो जाता है तो आने वाले समय में पीने का पानी उपलब्ध नहीं होगा।
इस अवसर पर पूर्व विधायक संत कुमार, उमेद सरपंच, प्रीत सिंह, रणधीर सिंग, दलबीर सरपंच, ऋषि सरपंच, प्रेम, सुमित दलाल, टेका, बलवान व अन्य मौजूद रहे।