माई सिटी रिपोर्टर
रोहतक। गुरुकुल विश्व भारती के संस्थापक आचार्य हरिदत्त उपाध्याय के मार्गदर्शन में चल रहे प्रांतीय व्यायाम प्रशिक्षण एवं चरित्र निर्माण संस्कार शिविर के तीसरे दिन जूडो कराटे समेत अन्य अभ्यास किए। इस मौके पर प्रधान व्यायाम शिक्षक प्रवीण आर्य एवं गुरुकुल निदेशक आचार्य नंदकिशोर के निर्देशन में युवाओं को चरित्र निर्माण के बारे में जानकारी दी। वहीं, बौद्धिक सत्र में आर्यवीर दल हरियाणा के प्रांतीय संचालक उम्मेद शर्मा ने कहा कि आज देश के समक्ष चरित्र का सबसे बड़ा संकट है।
देश और संस्कृति की रक्षा के लिए नवयुवकों को संस्कारित होना होगा। उनको आध्यात्मिक, बौद्धिक, सामाजिक और शारीरिक उन्नति से युक्त होकर देश को आगे बढ़ाना होगा।
आर्यवीर दल में व्यक्ति को पराक्रमी एवं आर्य बनाकर संगठित किया जाता है। वीर होने से पहले मनुष्य को आर्य बनना बेहद जरूरी है। आर्य का अर्थ गुण कर्म स्वभाव से श्रेष्ठ होना है। शिविर के अध्यक्ष आचार्य संदीप, शिविर व्यवस्थापक स्वामी सच्चिदानंद, व्यायाम शिक्षक राजपाल आर्य, संतराम आर्य, गोवर्धन, सन्नी आर्य, करण, रामचंद्र आर्य, सागर, शेखर आर्य आदि सहयोगी की भूमिका में रहे।