प्रदेश सरकार ने आमजन की सुविधा को देखते हुए ही निजी बसें चलवाने का
फैसला लिया है। इसके बाद प्रदेश के सभी गांव बस सेवा से जुड़ जाएंगे।
महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा और सुविधा के मद्देनजर महिला स्पेशल बसें
चलाईं जाएंगी। बसों में महिला गार्ड रखे जाएंगे।
यह बात शनिवार को महम
स्थित संत रविदास धर्मशाला में पहुंचे प्रदेश के परिवहन और आवास मंत्री
कृष्णलाल पंवार ने कही। वे संत रविदास जयंती पर 21 फरवरी को रोहतक में होने
वाले समारोह के लिए लोगों को न्योता देने पहुंचे थे।
इस मौके पर
उन्हाेंने कहा कि प्रदेश सरकार सभी वर्ग और जाति के लोगों की भलाई के लिए
कार्य कर रही है। संत रविदास जयंती पहली बार राजकीय स्तर पर मनाई जा रही
है। इसके अलावा अन्य सभी संत महापुरुषों की जयंती पर भविष्य में राजकीय
स्तर पर कार्यक्रम होंगे।
इस दौरान मंत्री ने नव निर्वाचित पंचायत
प्रतिनिधियों का स्वागत किया। इसके साथ ही निर्माणाधीन रविदास धर्मशाला के
लिए 16 लाख रुपये अनुदान देने की घोषणा भी की। इस मौके पर भाजपा नेता शमशेर
खरकड़ा, रामचंद्र जांगड़ा, कर्मवीर सिंह, अनिल बिंटू, मनोज कुमार और मनोह
चहल ने लोगों को संबोधित किया।