फोटो नंबर 71: कॉलेज परिसर में निकले सांप को भगाते सफाई कर्मचारी। (संवाद)
बादली। चौधरी धीरपाल सिंह राजकीय महाविद्यालय में सोमवार को अचानक सांप दिखाई देने से हड़कंप मच गया। सांप को देखते ही विद्यार्थियों और प्राध्यापकों में अफरा-तफरी मच गई। बताया गया कि परिसर में घूमता हुआ सांप एक क्लासरूम के बाहर बनी गैलरी में पहुंच गया। चौकीदार और गेट पर तैनात कर्मचारियों ने सावधानी बरतते हुए सांप को गैलरी से बाहर भगाया।
घटना के बाद विद्यार्थियों ने परिसर में उगी घास-फूस और झाड़ियों की नियमित सफाई कराने की मांग की। महाविद्यालय भवन के साथ काफी जगह खाली पड़ी है, जहां लंबे समय से घास और झाड़ियां उगी हुई हैं। बारिश के दिनों में यहां जलभराव भी रहता है जिससे सांप और अन्य जहरीले जीवों के छिपने की आशंका बनी रहती है। विद्यार्थियों ने प्रशासन से भवन के आसपास सफाई कराने और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।