जिले में छह नए कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। इनमें से पीजीआई के तीन डॉक्टर, सेक्टर 14 से एक जज, मॉडल टाउन के एक सेवानिवृत्त कर्मचारी व एक विद्यार्थी शामिल हैं। इसके साथ ही जिले में कुल संक्रमितों की संख्या 12384 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, शनिवार को छह नए कोरोना मरीजों की पुष्टि हुई है। इससे जिले में सक्रिय मरीजों की संख्या 65 हो गई हैं। इनमें से सात अस्पताल व शेष 58 घरों पर एकांतवास में उपचाराधीन हैं। सैंपल देने के बाद 622 मरीजों को अपनी रिपोर्ट का इंतजार है। अब तक 12159 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। शनिवार को 1024 मरीजों के सैंपल लिए गए। इसके साथ जिले में अब तक दो लाख 96 हजार 475 लोगों के सैंपल लिए जा चुके हैं। इनमें से दो लाख 83 हजार 469 की रिपोर्ट निगेटिव मिली है। जिले मे अब तक कुल 12 हजार 384 संक्रमित मरीज सामने आ चुके हैं। जबकि मौत का आंकड़ा पिछले कुछ दिनों से 160 पर थमा है। जिले में संक्रमण दर 4.17 प्रतिशत व रिकवरी दर 98.18 प्रतिशत है।
183 ने लगवाई वैक्सीन की पहली डोज
स्वास्थ्य विभाग कोरोना महामारी पर अंकुश लगाने की ओर सतत प्रयासरत है। इसी कड़ी में वैक्सीनेशन पर जोर दिया जा रहा है। शनिवार को 183 लोगों को पहली व 109 लोगों को दूसरी डोज दी गई। इसमें स्वास्थ्य कर्मचारी व प्रथम पंक्ति के कर्मचारी शामिल हैं। अब तक कुल 23 हजार 223 लोगों को वैक्सीन दी जा चुकी है।
शहर में आज पांच जगह होगा टीकाकरण
कोरोना से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग जी जान से जुटा हुआ है। इसी कड़ी में 21 मार्च को शहर में पांच जगह टीकाकरण होगा। इसमें सबसे बड़ा शिविर बाबा मस्तनाथ मठ में लगाया जाएगा। यहां आयोजित मेले में लोगों की भारी भीड़ आने का अनुमान लगाते हुए शिविर की तैयारी की गई है। शिविर में स्वास्थ्य कर्मी लोगों को वैक्सीन देने के साथ जागरूक भी करेंगे।