भाई-बहन के पवित्र प्रेम के प्रतीक रक्षाबंधन पर्व को लेकर राखी की खरीदारी के लिए बाजारों में बहनों की भारी भीड़ उमड़ी। रंग-बिरंगी और आकर्षक डिजाइनों वाली राखियों से दुकानें सजी हुई थीं। बहनें अपने भाइयों की पसंद के अनुसार राखियां खरीदती नजर आईं।
बाजार में छोटी बच्चियों से लेकर महिलाओं तक राखी की दुकानों पर पहुंचकर अलग-अलग डिजाइनों की राखियां पसंद करती दिखाई दीं। इस बार पारंपरिक राखियों के साथ बच्चों के लिए कार्टून, खिलौने और विभिन्न आकर्षक डिजाइनों वाली राखियां भी उपलब्ध हैं। कई बहनें राखी के साथ भाइयों के लिए उपहार भी खरीद रही हैं।
रक्षाबंधन को लेकर मिठाई की दुकानों पर भी ग्राहकों की संख्या बढ़ने लगी है। मिठाई विक्रेताओं ने त्योहार को देखते हुए विभिन्न प्रकार की मिठाइयों की विशेष पैकिंग तैयार की है। इसके अलावा कपड़े, कॉस्मेटिक, गिफ्ट और चूड़ी की दुकानों पर भी खरीदारी का सिलसिला जारी है। बाजारों में बढ़ती भीड़ से दुकानदारों के चेहरे पर भी खुशी दिखाई दे रही है। व्यापारियों का कहना है कि त्योहार के अंतिम दिनों में खरीदारी और बढ़ने की उम्मीद है।
दुकानदारों ने ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए दुकानों को सजाया है और राखियों की विभिन्न वैरायटी उपलब्ध कराई हैं। रक्षाबंधन को लेकर बाजारों में दिनभर चहल-पहल बनी हुई है। बहनों में भाइयों की कलाई पर राखी बांधने को लेकर खासा उत्साह है। बाजारों में उमड़ी भीड़ से त्योहार की खुशियों और उत्साह का माहौल साफ नजर आया।
शहर में बनी जाम की स्थिति, पुलिस दिखी नदारद
त्योहार को देखते हुए शहर में शाम के समय जाम की स्थिति बनी रही। आंबेडकर चौक, बीकानेर चौक, यादव धर्मशाला के पास, पुराना बस अड्डा रोड और छिक्कारा चौक पर जाम लगा रहा। महिलाएं जहां खरीदारी करती दिखीं, वहीं मिठाई की दुकानों पर भी ग्राहकों की भीड़ रही। भीड़ के बावजूद कई स्थानों पर पुलिसकर्मी नजर नहीं आए, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई।