रोहतक। जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) अभियान धीमी गति से चल रहा है। एन्यूमरेशन फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि 14 जुलाई से बढ़ाकर 24 जुलाई करने के बावजूद जिला प्रशासन शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल नहीं कर सका। अभी भी करीब 1.60 लाख मतदाताओं के फाॅर्म प्रशासन के पास नहीं पहुंचे हैं।
रोहतक के कुल 8.50 लाख मतदाताओं का सत्यापन करने के लिए चारों विधानसभाओं में 831 बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) तैनात किए गए हैं। इसके बावजूद अब तक मात्र 6.90 लाख फॉर्मों का ही डिजिटलीकरण हो पाया है। यह कुल लक्ष्य का सिर्फ 81.24 प्रतिशत है। अभी भी 1.59 लाख प्रपत्र प्रशासन को प्राप्त ही नहीं हो सके हैं।
वर्जन
रोहतक विधानसभा क्षेत्र में एसआईआर का कार्य संतोषजनक चल रहा है। अभी एसआईआर कार्य की तिथि बढ़ाने को लेकर कोई जानकारी नहीं मिली है।
आशीष कुमार, एसडीएम, रोहतक
शिक्षा विभाग के अनेक शिक्षकों को बीएलओ का कार्य दिया गया है। एसआईआर कार्य में उन्होंने पूरी निष्ठा से अपना दायित्व निभाया है। अनेक स्थानों पर मतदाता अस्थायी रूप से स्थानांतरित मिले हैं। बीएलओ ने उनसे मोबाइल के माध्यम से संपर्क करने का प्रयास भी किया लेकिन इसके बाद भी वे नहीं पहुंचे। काफी मतदाता इस प्रक्रिया में रुचि नहीं दिखा रहे हैं।
राजीव दलाल, जिला प्रधान, स्कूल लेक्चरर कैडर एसोसिएशन