माई सिटी रिपोर्टर
रोहतक। शहर के राधे-राधे पार्क के नजदीक हीरा-पन्ना कॉम्प्लेक्स में चोर एक मकान का शटर उखाड़कर दो मोबाइल फोन व गल्ले में रखी 15 हजार की नकदी ले गए, जबकि साथ लगती दुकान का शटर उखाड़ने का प्रयास किया गया। इस संबंध में पुरानी सब्जी मंडी थाने में केस दर्ज किया गया है। सीसीटीवी कैमरे में एक युवक दुकान का शटर उठाते हुए दिखाई दे रहा है।
पुलिस के मुताबिक, श्रीनगर कॉलोनी निवासी आर्यन चावला ने बताया कि उसकी राधे-राधे पार्क के पास हीरा-पन्ना कॉम्प्लेक्स के अंदर बिजली के उपकरणों की दुकान है। शनिवार रात करीब सवा नो बजे दुकान अच्छी तरह से बंद करके घर चला गया। रविवार सुबह आठ बजे दुकान पर आया तो दुकान का शटर बीच से उखड़ा हुआ था।
दुकान के ताले खोले तो अंदर गल्ले में रखे दो मोबाइल फोन व 15 हजार की नकदी व दो चांदी के सिक्के गायब मिले। उसने दुकान के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच की तो पता चला कि रात को एक युवक दुकान का शटर ऊपर उठा रहा है, साथ लगती दुकान का शटर भी तोड़ने का प्रयास किया गया है।