सीएम मनोहर लाल का वीरवार को अचानक कार्यक्रम बदल गया। शहर में चल रहे विकास कार्यों का जहां सीएम ने औचक निरीक्षण किया, बल्कि वाटर वर्क्स में पड़े कबाड़ को देखकर अधिकारियों को फटकार लगाई। सीएम ने हिदायत दी कि शीला बाईपास आरओबी की ऊंचाई एक फीट बढ़ाई जाए और किसी भी विभाग में कबाड़ नहीं होना चाहिए। साथ ही उन्होंने पब्लिक हेल्थ के अधिकारियों को वाटर वर्क्स की समय-समय पर सफाई करने और एक नए वाटर वर्क्स की प्लानिंग तैयार करने के निर्देश दिए।
सीएम करीब सवा पांच बजे कैनाल रेस्ट हाउस से निकले। उन्होंने शीला बाईपास पर निर्माणाधीन फ्लाईओवर, आरके डीबी सड़क पर जेएलएन फीडर एवं बीएसबी नहर पर पुल के निर्माण तथा कच्चा बेरी रोड पर निर्माणाधीन ऐलिवेटेड सड़क का निरीक्षण किया। शीला बाईपास पर सीएम ने पीडब्ल्यूडी के एसई हनुमंत सांगवान से पूछा कि आरओबी के नीचे से रोडवेज की बस निकल जाएंगी। एसई ने हां में जवाब दिया। जब सीएम ने कहा कि, प्रदेश में कुछ युवा छतों पर बैठकर सफर करते हैं। क्या एक युवक रोडवेज की बस पर खड़ा हो जाए, तब भी पुल के नीचे से निकल जाएगी। एसई ने मना कर दिया। सीएम ने हिदायत दी कि आरओबी की ऊंचाई साढ़े 5 से साढ़े 6 फुट की जाए। इसके लिए चाहे नीचे जमीन की खुदाई करनी पड़ी। इसके बाद सीएम ने दूसरे विकास कार्यों का काम समय पर पूरा करने की हिदायत दी।
कबाड़ देखकर नाराज सीएम एसई से बोले, ऐसा नहीं चलेगा
इसी बीच सीएम मनोहर लाल, सांसद अरविंद शर्मा, पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, डीसी एवं निगम आयुक्त सोनीपत स्टैंड स्थित वाटर वर्क्स नंबर एक पर पहुंचे। सीएम ने सबसे पहले वाटर वर्क्स के टैंक की सफाई का जायजा लिया। अधिकारियों को हिदायत दी कि समय-समय पर सफाई का कार्य होना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शहर में एक अतिरिक्त जल घर बनाने की योजना तैयार की जाए, ताकि बारी- बारी से नियमित रूप से प्रत्येक रॉ स्टोरेज वाटर टैंक की सफाई का कार्य चलता रहे। उन्होंने कहा कि लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाना सरकार की पहली प्राथमिकता है। इसी बीच सीएम की नजर वाटर वर्क्स पर पड़े एक कंडम वाहन पर पड़ी। सीएम ने एसई से कहा कि ऐसा नहीं चलेगा। पीएम मोदी की सफाई पहली प्राथमिकता है। शहर ही नहीं, सरकारी कार्यालयों में भी सफाई होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को हिदायत दी कि प्रदेश स्तर पर सरकारी कार्यालयों के कंडम सामान को डिस्पोज ऑफ करने के लिए पॉलिसी बनाई जाए। कंडम वाहन की बिक्री से होने वाली आय को सफाई पर करवाया जाए।
आयुक्त से सीएम ने पूछा, क्यों पंक्चर खड़ी ट्रॉली, चलवाई फायर ब्रिगेड की गाड़ी
इसी बीच सीएम ने फायर ब्रिगेड के ऑफिस का निरीक्षण किया। उनकी नजर एक पंक्चर हुई ट्रॉली पर पड़ी। निगम आयुक्त से पूछा कि यह ट्रॉली क्यों खड़ी है। आयुक्त ने कहा कि जल्द इसे ठीक करवा देंगे। संबंधित अधिकारी से जवाब मांगा जाएगा। इसके बाद सीएम ने फायर कर्मियों के रजिस्टर की जांच की। कहा, अचानक अभी आग लगने की सूचना आ गई। कैसे जाएंगे। फायरकर्मी ने गाड़ी स्टार्ट की। किस्मत से उस समय गाड़ी में पानी भरा हुआ था। इस मौके पर सांसद डॉ. अरविंद शर्मा, पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर, सतीश नांदल, राजकुमार कपूर, निगम पार्षद राजू सहगल, उपायुक्त आरएस वर्मा व नगर निगम के आयुक्त प्रदीप गोदारा भी मौजूद रहे।
मक्कड़ के निधन पर शोक जताया
सीएम ने भाजपा कार्यकर्ता एवं प्रमुख समाजसेवी जगदीश लाल मक्कड़ के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। शोक व्यक्त करने के लिए जगदीश लाल मक्कड़ के स्थानीय डीएलएफ कॉलोनी स्थित घर पर सीएम पहुंचे। साथ में बाबा जतिंदर पाल सोढ़ी, पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर, सांसद अरविंद शर्मा, प्रीतम भयाना, सनी हंस, इंद्रपाल गुलाटी, राजकुमार कपूर, राजेश मक्कड़ व सुरेंद्र बतरा आदि मौजूद थे।
सीएम के आगमन की आहट पर पीजीआई प्रशासन रहा अलर्ट
सीएम मनोहरलाल के पीजीआईएमएस स्थित आपातकालीन विभाग में भर्ती मरीज से मिलने की सूचना पर संस्थान के अधिकारी अलर्ट रहे। कुलपति डॉ. ओपी कालरा, निदेशक डॉ. रोहतास कंवर यादव, कुलसचिव डॉ. एचके अग्रवाल, एमएस डॉ. एमजी वशिष्ठ, पीसीसीएम विभागाध्यक्ष डॉ. ध्रुव चौधरी, डीएमएस डॉ. संदीप कुमार व मुख्य सुरक्षा अधिकारी मेजर नीरज शर्मा ने आपातकालीन विभाग का दौरा किया। बाद में सूचना मिली की सीएम रात को पीजीआईएमएस नहीं आ रहे, इसके बाद सभी अधिकारियों राहत की सांस ली। बताया जा रहा है कि आईसीयू में उपचाराधीन रेवाड़ी का रहने वाला भाजपा का पदाधिकारी है। कुलपति ने बताया कि मरीज योगेंद्र पालिवाल को कैंसर अंतिम स्टेज का है और ब्लड प्रेसर लो हैं। मरीज को उपचार दिया जा रहा है और हालत गंभीर बनी हुई है।
अधिकारियों से बातचीत करते सीएम मनोहरलाल।- फोटो : RohtakCity