माई सिटी रिपोर्टर
रोहतक। शादीशुदा महिला को शादी का झांसा देकर एक युवक ने न केवल यौन शोषण किया बल्कि अदालत में पति के खिलाफ तलाक की अर्जी भी दायर करवा दी। अब किसी अन्य लड़की से मंगनी कर ली। पीड़िता की शिकायत पर आरोपी युवक अंकित के खिलाफ महिला थाने में याैन शोषण का केस दर्ज किया गया है।
पुलिस को दी शिकायत में महिला ने बताया कि वह प्राइवेट नौकरी करती थी। 2022 में बैंक लोन के सिलसिले में आरोपी युवक अंकित से फोन पर बात हुई थी। इसके बाद आरोपी के फोन आने शुरू हो गए। उसने खुद को सेना में केरल में तैनात बताया।
इतना ही नहीं, आरोपी ने उसे बहला-फुसलाकर पति के खिलाफ तलाक का केस अदालत में दायर करवा दिया। बोला-तेरा पति तो प्राइवेट नौकरी करता है। मैं अच्छी तरह से ख्याल रखूंगा।
अगस्त 2022 में आरोपी ने उसे केरल भी बुला लिया जहां किराये के मकान में उसे साथ रखा। शादी का झांसा देकर यौन शोषण भी किया। इसके बाद आरोपी ने उसे उसके घर भेज दिया और खुद अपने घर चला गया। बोला-अपनी बहन, बहनाई व मां से बात कर ले, मैं तुझ से शादी कर लूंगा।
इसके बाद भी शादी का झांसा देकर यौन उत्पीड़न करता रहा। इसी बीच, अप्रैल 2025 में उसे रोहतक के एक होटल में बुलाया और दो दिन तक उसका शारीरिक शोषण किया। अगस्त में मैसेज भेजकर रोहतक बुलाया। उसने आने से इन्कार कर दिया।
आरोपी ने फोन पर ही झगड़ा किया और अपनी मर्जी से किसी अन्य लड़की से मंगनी कर ली। विरोध करने पर बोला-अगर किसी को बताया तो जान से मार दूंगा, फौजी आदमी हूं, तेरे को तेरे घर आकर मार दूंगा। मेरे पास बंदूक व पूरा असला है। पीड़िता का कहना है कि उसके पास केरल की फोटो, वीडियो व चैटिंग तक हैं। पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।