वुशू खिलाड़ी के यौन उत्पीड़न मामले में नया मोड़ आ गया है। अब कुछ महिला खिलाड़ी आरोपों से घिरे कोच और हरियाणा वुशू संघ के सचिव राजेश के समर्थन में आ गई हैं। एकेडमी की 7 वुशू खिलाड़ी कोच के समर्थन में बयान देने के लिए महिला थाने पहुंच गईं। यहां खिलाड़ियों ने आरोपी कोच को निर्दोष बताया। साथ ही कहा कि उन्होंने कभी किसी के साथ बदसलूकी नहीं की। इतना ही नहीं खिलाड़ियों ने पीड़ित के बारे में कहा कि पिछली प्रतियोगिता में उसका नंबर नहीं आने के कारण वह कोच राजेश पर आरोप लगा रही है। वहीं, पुलिस अभी तक आरोपी की गिरफ्तारी तो दूर उससे पूछताछ भी नहीं कर सकी है। पुलिस का कहना है कि कोच के बारे में पुख्ता सूचना नहीं मिल रही है। हालांकि दूसरे आरोपी संदीप के घर पर छापेमार की गई है, लेकिन वह नहीं मिला। इंस्पेक्टर गरिमा ने बताया कि संदीप के परिजनों का कहना है कि वे जल्द ही उसे पुलिस के हवाले कर देंगे।
पुलिस गिरफ्तारी तो कोच सरेंडर में तैयारी में
मामला लगातार पेचीदा होता जा रहा है। एक तरफ पुलिस का तर्क है कि कोच अपने ठिकानों से फरार चल रहा है जबकि कई जगहों पर उसकी लोकेशन के बारे में अखबारों में खबर प्रकाशित हो चुकी है। पुलिस गिरफ्तारी की बात कह रही है तो आरोपी अपने वकील के जरिये सरेंडर करने की बात कह चुका है।
वर्जन-
कोच के समर्थन में कुछ वुशू खिलाड़ी महिला थाने में आईं थीं। उन्होंने कोच को पाक साफ बताया है। हालांकि आरोपी की गिरफ्तारी और जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी। कोच की गिरफ्तारी को लेकर प्रयास किए जा रहे हैं।
- गरिमा, इंस्पेक्टर, महिला थाना प्रभारी
ये था मामला
लाखनमाजरा खंड के एक गांव की रहने वाली वुशू की नेशनल खिलाड़ी ने हरियाणा अमैच्योर वुशू फेडरेशन के सचिव और सरकारी कोच राजेश पर यौन शोषण का आरोप लगाया है। आरोप है कि नेशनल और इंटरनेशनल स्तर पर भेजने के लिए आरोपी ने संबंध बनाने का दबाव डाला। पीड़ित ने कोच पर दुष्कर्म के प्रयास का भी आरोप लगाया था। पीड़ित का कहना है कि यह सिलसिला दो साल से चल रहा है। महिला थाने में कोच राजेश और एक दूसरे कोच संदीप के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। सोमवार को पीड़ित के 164 के बयान दर्ज करवाए थे।