पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर । संवाद
रोहतक। शहर के अंतर्गत आने वाली कुछ कॉलोनियों में होने वाले जलभराव, सीवरेज की समस्या को दूर करने और पीने के पानी की लाइनों को दुरुस्त करने के लिए हरियाणा सरकार ने करीब 95 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट मंजूर कर दिया है।
पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर ने यहां जारी विज्ञप्ति में प्रदेश सरकार द्वारा सभी प्रोजेक्ट मंजूर किए जाने पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल का आभार व्यक्त किया है। पूर्व मंत्री ने बताया कि करीब 45 करोड़ रुपये की लागत से राहड़ तालाब में डिस्पोजल प्रोजेक्ट बनाया जाएगा। इसके अलावा करीब 50 करोड़ रुपये की राशि से श्रीनगर कॉलोनी में सीवरेज की समस्या और जलभराव को देखते हुए सरकार ने नए पंपिंग स्टेशन के निर्माण को मंजूरी दी है। जबकि पुराने हाउसिंग बोर्ड में पहले से ही चालू जर्जर हो चुके डिस्पोजल को नए सिरे से बनाया जाएगा। उसकी पानी निकासी की क्षमता भी बढ़ाई जाएगी। इस इलाके को कन्हेली ड्रेन तक लोहे की लाइन बिछाकर जोड़ा जाएगा।
उन्हाेंने बताया कि शहर की कॉलोनियों में सीवरेज की लाइनें बदलने, जलभराव की लाइन ठीक करने और पीने के पानी की लाइनों को दुरुस्त करने जैसे काम होंगे। ओल्ड आईडीसी के जलघर के सुधारीकरण कि लिए सरकार ने ग्रांट मंजूर कर दी है, इसकी मदद से पीने की लाइन बिछाई जाएगी और उसे जलघर से कनेक्ट किया जाएगा। इसके लिए जेएलएन नहर पर पंपिंग स्टेशन बनेगा।