Seven free temporary parking lots selected, merchants and customers will have separate vehicles
- फोटो : RohtakCity
त्योहारी सीजन में बाजारों के अंदर ट्रैफिक प्रबंधन व पार्किंग की समस्या को कम करने के लिए शहर में सात जगह तय की गई हैं, जहां अस्थायी पार्किंग बनाई जाएंगी। ये वाहन मालिकों के लिए निशुल्क रहेंगी। जबकि किला रोड स्थित भगत सिंह पार्किंग में शुल्क देना होगा। वहीं, व्यवस्था प्रबंधन को लेकर मंगलवार को व्यापारियों का एक प्रतिनिधिमंडल शहर थाना प्रभारी से मिला और बाजारों में खराब पड़े सीसीटीवी कैमरों को बदलवाने या ठीक करने की मांग रखी।
मंगलवार को उपायुक्त कार्यालय में डीसी कैप्टन मनोज कुमार ने निगम आयुक्त प्रदीप गोदारा, एसपी राहुल शर्मा, एसडीएम राकेश कुमार व सीटीएम सुरेंद्र सिंह के साथ शहर के ट्रैफिक प्लान पर मंथन किया। डीसी ने बताया कि निगम के पास किला रोड पर स्थायी पार्किंग है, जबकि अभी सात जगह और अस्थायी पार्किंग के लिए स्थान चयनित किए गए हैं। वहां पर कितने दोपहिया व कितने चार पहिया वाहन खड़े हो सकते हैं, इसकी जांच के लिए एक टीम का गठन किया गया है। टीम में नगर निगम के एलओ, ट्रैफिक एसएचओ, डीसी ऑफिस का एक प्रतिनिधि व ट्रैफिक मैनेजमेंट में विशेषज्ञ संस्था के पदाधिकारी की टीम शामिल होगी। टीम बुधवार को अधिकारियों को रिपोर्ट बनाकर देगी। कहां कैसी व्यवस्था की जाए। डीसी ने बताया कि बाजारों में प्रयास किया जा रहा है कि ग्राहकों व व्यापारियों के लिए अलग-अलग अस्थायी पार्किंग की व्यवस्था की जाए। साथ ही भीड़ में कोरोना संक्रमण बढ़ सकता है। ऐसे में तीन सूत्री फार्मूले का पालन करना होगा। सबसे पहले मास्क लगाए, उचित दूरी बनाए रखें और हाथ साफ रखें। साथ ही याद रखना होगा, जब तक दवाई नहीं, तब तक ढिलाई नहीं।
निगम की टीम पुलिस व प्रशासन की टीम के साथ मिलकर अस्थायी पार्किंग के लिए तय स्थानों की जांच पड़ताल कर रही है। विशेष रिपोर्ट मिलने के बाद बुधवार को डीसी की ओर से फाइनल ट्रैफिक प्लान व्यापारियों के साथ मीटिंग करके जारी होगा। किला रोड पार्किंग को लेकर भी निर्णय लिया जाएगा।
-प्रदीप गोदारा, आयुक्त, नगर निगम।