रोहतक। चौधरी बंसीलाल स्टेडियम लाहली में खेले जा रहे रणजी ट्रॉफी के मैच में सर्विसेज ने पहली पारी में 205 रन बनाए। वहीं, हरियाणा की आधी टीम 20 रन पर पेवेलियन लौट गई। सर्विसेज की ओर अमित शुक्ला ने 6 ओवर में पांच मेडन व एक रन देकर पांच विकेट लिए। हरियाणा की ओर से राहुल राठी ने चार विकेट लिए।
हरियाणा की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए शुरुआत अच्छी नहीं रही। 32 रन पर पहला विकेट गंवा दिया। 93 रन के स्कोर पर आधी टीम आउट हो गई। उसके बाद नकुल शर्मा व रवि चौहान ने संभली हुई बल्लेबाजी की व सर्विसेज की टीम 205 रन पर ऑलआउट हो गई।
हरियाणा की ओर से राहुल राठी ने चार, पार्थ वत्स ने तीन व अनुज ठकराल ने तीन विकेट लिए। हरियाणा ने अपनी पहली पारी की शुरुआत की व 20 रन पर ही आधी टीम पेवेलियन लौट गई। हरियाणा ने पहला विकेट 5 रन के स्कोर पर, 6 रन पर दूसरा व 16 रन पर पांचवां विकेट गंवाया।
सर्विसेज के अमित शुक्ला ने पांच विकेट लिए। हरियाणा की टीम संकट में नजर आ रही है। पहले दिन का खेले खत्म होने तक हरियाणा ने पांच विकेट पर 20 रन बना लिए हैं। हरियाणा की ओर से कप्तान अंकित 8 व पार्थ वत्स दो रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए हैं।