रोहतक। लोकसभा चुनाव को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए तीन प्रदेशों की पुलिस-फोर्स पर जिम्मेदारी रहेगी। इनकी 74 पेट्रोलिंग पार्टी चप्पे-चप्पे पर निगरानी करेंगी और मतदान केंद्रों पर तीन स्तरीय सुरक्षा कवच तैयार किया गया है। गड़बड़ी करने वालों असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। घटना की सूचना पर पेट्रोलिंग पार्टी 5 से 10 मिनट में पहुंचेंगी और समस्या का निराकरण करेंगी। जिले में वीरवार को 3450 पुलिसकर्मियों पर सुरक्षा की जिम्मेदारी रहेगी। इनमें हरियाणा पुलिस के 1800 कर्मचारी-अधिकारी और 1100 होमगार्ड गुजरात के शामिल हैं। पुलिस अधीक्षक (एसपी) हिमांशु गर्ग ने बताया कि विधानसभाओं में पेट्रोलिंग पार्टियों को वितरित किया गया है। इनमें महम में 17 पेट्रोलिंग पार्टी, गढी–सांपला-किलोई में 21 पार्टी, रोहतक में 13 और कलानौर विधानसभा क्षेत्र में 23 पेट्रोलिंग पार्टी तैनात की गई हैं। पेट्रोलिंग पार्टी अपने साथ टॉर्च, मेगा फोन, दंगा विरोधी सामग्री, रस्सी, वायरलेस सेट और हथियारों से लैस रहेंगे। वाहन चेकिंग के दौरान अगर किसी व्यक्ति या वाहन में कोई हथियार पाया जाता है तो उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने वीरवार को छोटूराम पॉलिटेक्निक कॉलेज के मैदान पुलिसकर्मियों को ब्रीफ कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि थानेदार से लेकर आला अधिकारी गश्त करते रहें और जो पोलिंग पार्टियां हैं वह कानून व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए हर संभव प्रयास करें। जिले के 814 मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग से नजर रखेंगे। पुलिस कंट्रोल रूम में अतिरिक्त पुलिस जवानों की तैनात किया गया है। जिला पुलिस कंट्रोल रुम में अलग से मॉनिटरिंग सैल बनाई गई है, जो किसी भी परिस्थितियों से निपटने के लिए हर समय तैयार रहेगी। इसकी कमान उप पुलिस अधीक्षक विरेन्द्र को दी गई है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोगेश कुमार ने बताया कि कलाई-गढ़ी सांपला विधानसभा क्षेत्र में उप पुलिस अधीक्षक राकेश व उप पुलिस अधीक्षक विद्यानंद को तैनात किया गया है। कलानौर विधानसभा क्षेत्र में उप पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार व उप पुलिस अधीक्षक रजनीश को तैनात किया गया है। रोहतक विधानसभा क्षेत्र में उप पुलिस अधीक्षक विवेक कुंडू व उप पुलिस अधीक्षक रवि खुंडिया को नियुक्त किया गया है।