जिले में रविवार को सांपला का एक और व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव मिला है। जिले के संक्रमित अन्य मरीजों की तरह यह व्यक्ति भी दिल्ली के संपर्क में रहा है। संक्रमित व्यक्ति अपने दो अन्य दोस्तों के साथ कार से दिल्ली से सांपला आता था। तीनों दोस्त दिल्ली दमकल विभाग में काम करते हैं। इनमें से नया बांस निवासी एक व्यक्ति पहले ही पॉजिटिव आ गया है, जबकि दूसरा रविवार को पॉजिटिव मिला है। गनीमत यह है कि कार में दोनों पॉजिटिव व्यक्तियों के साथ आने वाला तीसरा निगेटिव मिला है। दोनों संक्रमित व्यक्तियों को पीजीआईएमएस में एक्सपर्ट की निगरानी में रखा गया है।
रविवार को गढ़ी सांपला के व्यक्ति की कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट मिलते ही स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया। विभाग ने संक्रमित व्यक्ति की पत्नी सहित परिवार के आठ लोगों के जांच सैंपल लिए हैं। बताया जा रहा है इस मरीज में भी नया बांस वाले मरीज की तरह कोई लक्षण नहीं है। गढ़ी सांपला वाले मरीज का जांच सैंपल नया बांस वाले मरीज की कांटेक्ट हिस्ट्री की सर्चिंग में लिया गया है। स्वास्थ्य विभाग की मुस्तैदी ने पूरे गांव को संक्रमित होने से बचा लिया है। एक्सपर्ट स्वयं हैरान हैं कि दोनों संक्रमितों में कोई भी लक्षण नहीं हैं और दोनों की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई है। सांपला जांच करने गई टीम ने बताया कि कार में तीन लोग आते थे और दो संक्रमित मिले हैं।
दिल्ली आना-जाना व खाना-पीना था साथ-साथ
सांपला। गढ़ी सांपला, नया बांस गांव में मिले कोरोना पॉजिटिव मरीजों में खास दोस्ती है। इनका आना-जाना, खाना-पीना साथ-साथ होता था। इसी के चलते दोनों संक्रमित हुए हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के वरिष्ठ डॉक्टर विशाल चौधरी ने बताया कि कोरोना पॉजिटिव जवान के परिवार के अलावा गांव में कई लोगों के सैंपल लिए गए है और सभी को घर पर ही क्वारंटीन किया गया है। पुलिस ने गांव में कोरोना पॉजिटिव परिवार के आसपास के एरिया को सील कर दिया है। लोगों को अपने घरों में रहने की हिदायत दी है। गौरतलब है कि सांपला ब्लॉक में अभी तक पांच कोरोना पॉजिटिव केस पाए जा चुके है। तीन लोग अब ठीक हो चुके है।