महेंद्रगढ़। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में एनसीवीटी ट्रेड में दाखिले के लिए दोबारा पोर्टल खोला गया था, लेकिन 31 अगस्त तक केवल 19 दाखिले हो पाए। इसके बाद अब संस्थान में 145 सीटें खाली रही हैं।
बता दें कि प्रशिक्षण निदेशालय ने एनसीवीटी की रिक्त सीटों पर दाखिले की अंतिम तिथि बढ़ाकर 31 अगस्त की थी, लेकिन सोमवार को वह भी समाप्त हो गई। दाखिला नोडल अधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि जिन विद्यार्थियों का दाखिला नहीं हो पाया था, उन्हें एक और मौका दिया गया। आईटीआई में कुल 608 सीटें हैं जिनमें से 463 पर दाखिला हो चुका है। अब 145 सीटें खाली हैं। सोमवार को 19 विद्यार्थियों ने दाखिला लिया। इनमें एनसीवीटी ट्रेड की 91 जबकि एससीवीटी ट्रेड की 54 सीटें खाली रही हैं। उन्होंने बताया कि वायरमैन और इलेक्ट्रीशियन ट्रेड में सबसे अधिक दाखिले हुए हैं, जबकि सेमीकंडक्टर ट्रेड में सबसे कम दाखिले हुए हैं। अब एससीवीटी ट्रेडों में दाखिले की प्रक्रिया 8 सितंबर तक चलेगी। इस दौरान युवा संस्थान में आकर दाखिला ले सकते हैं। एससीवीटी ट्रेड के लिए निदेशालय की ओर से दोबारा पोर्टल खोलने के लिए अभी निर्देश नहीं मिले हैं और मंगलवार को इससे संबंधित निर्देश आने की संभावना है।