सिविल अस्पताल रोड पर बाइक सवार दो युवकों ने स्कूटी सवार महिला का पर्स छीन लिया। पर्स में 6 हजार रुपये थे। इस संबंध में पुरानी सब्जी मंडी थाने में केस दर्ज किया गया है।
प्रेम नगर निवासी रचना अनेजा ने बताया कि मंगलवार रात साढ़े आठ बजे वह किला रोड बाजार में निजी कार्य से गई थी। साथ में बेटा मोक्षित भी था। दोनों स्कूटी पर सवार होकर घर लौट रहे थे। वह जब सिविल अस्पताल के सामने सुभाष रोड पर पहुंची तो पीछे से आए बाइक सवार दो युवकों ने झपटा मारकर उसका पर्स छीन लिया। उसने शोर मचाया, लेकिन वे भागने में कामयाब रहे। मामले की सूचना मिलने के बाद पुरानी सब्जी मंडी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और वारदात की जांच की। सिविल अस्पताल के पास दो माह पहले सेक्टरों से ड्यूटी पर आई महिला डॉक्टर की चेन झपटी गई थी। ब्यूरो