Scooter riding BSF jawan crushed by a canter driver coming in wrong direction, dies
- फोटो : RohtakCity
बहु अकबरपुर में गलत दिशा में आ रहे एक कैंटर चालक ने स्कूटी सवार बीएसएफ के हवलदार को टक्कर मार दी। इस हादसे में बीएसएफ जवान की मौत हो गई। लोगों ने आरोपी कैंटर चालक को मौके पर ही पकड़ लिया। वहीं, परिजनों की शिकायत पर बहुअकबरपुर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज करते हुए उसे गिरफ्तार किया। साथ ही पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस आरोपी को रविवार को कोर्ट में पेश कर आगामी कार्रवाई अमल में लाएगी। बहुअकबरपुर थाना पुलिस को दी शिकायत में ज्ञान सिंह ने बताया कि वह बहुअकबरपुर का रहने वाला है। वह दो बेटी व एक बेटे का पिता था। बेटा युद्धवीर (38) 69 बटालियन बीएसएफ सुंदर बनी जम्मू कश्मीर में हवलदार के पद पर तैनात था। वह हाल ही में छुट्टी पर आया हुआ था। शनिवार की सुबह करीब साढ़े 10 बजे युद्धवीर स्कूटी पर सवार होकर अपने होटल की ओर जा रहा था। जैसे ही वह प्रिंस होटल के सामने पहुंचा तो गलत दिशा से आ रहे एक तेज रफ्तार कैंटर चालक ने स्कूटी को टक्कर मार दी। आरोपी चालक युद्धवीर को स्कूटी समेत काफी दूर तक घसीटता हुआ अपने साथ ले गया। स्थानीय लोगों की सहायता से कैंटर चालक को मौके पर ही पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान मोहम्मद इरशाद निवासी मोहल्ला चांदेराणा जिला बिजनौर यूपी के रूप में बताई। घायल युद्धवीर को तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आरोपी कैंटर चालक को पुलिस को सौंप दिया गया।
लगातार चौथी पीढ़ी का जवान था युद्धवीर
पिता ज्ञान सिंह ने बताया कि युद्धवीर सन 2000 में बीएसएफ में भर्ती हुुुआ था। वह दो बेटियों और एक बेटे का पिता था। युुद्धवीर लगातार चौथी पीढ़ी का जवान था। युद्धवीर के पिता फौज से रिटायर्ड हैं। दादा व परदादा भी फौज में सेवाएं दे चुके हैं।