झज्जर। गर्मी के तेवर पूरी तरह से तल्ख हो चुके हैं और तापमान 46 डिग्री से ऊपर जा चुका है। ऐसे में जिला उपायुक्त ने बाल वाटिका से लेकर आठवीं कक्षा तक के बच्चों की छुट्टियां घोषित कर दी हैं।
इसका पत्र सभी सरकारी, वित्त पौषित व निजी स्कूलों को जारी कर दिया गया है। हालांकि शिक्षा विभाग की तरफ से सरकारी व निजी स्कूलों के समय में परिवर्तन के आदेश दिए हुए हैं, लेकिन जिले के कई निजी स्कूलों ने अब तक भी समय में परिवर्तन नहीं किया है। तापमान में बढ़ोतरी होने और मौसम विभाग द्वारा आरेंज अलर्ट जारी करने के बाद अब डीसी शक्ति सिंह ने आठवीं कक्षा तक की छुट्टियां करने के आदेश जारी कर दिए हैं। इसके साथ ही 24 मई को भी जिले के स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है, क्योंकि इस दिन जिले के स्कूलों के वाहन चुनाव ड्यूटी पर रहेंगे। इसके मद्देनजर जिले में विद्यार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी ना हो इसे देखते हुए उपायुक्त द्वारा अवकाश का निर्णय लिया गया है। वहीं 25 मई को मतदान होगा, इसलिए स्कूलों की छुट्टी रहेगी। जिला शिक्षा अधिकारी राजेश खन्ना ने बताया कि डीसी के आदेश के बाद बाल वाटिका से लेकर आठवीं तक की कक्षाओं की छुट्टियां सोमवार से कर दी गई है। कई स्कूलों के पास सूचना नहीं पहुंची होगी, इसलिए होमवर्क देकर छुट्टी करवा दी जाएगी। जहां तक स्कूल समय के परिवर्तन की बात है तो सभी निजी स्कूलों को समय परिवर्तन के आदेश मानने होंगे अन्यथा विभागीय कार्रवाई की जाएगी।