राजीव गांधी खेल परिसर में चल रही 51वीं राज्यस्तरीय स्कूल एथलेटिक चैंपियनशिप में भिवानी के खिलाड़ियों ने ओवरऑल ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया। हिसार की टीम दूसरे और रेवाड़ी के खिलाड़ी तीसरे स्थान पर रहे। मेजबानी रोहतक की टीम के नाम कोई खास उपलब्धि नहीं जुड़ सकी।
एथलेटिक चैंपियनशिप के आखिरी दिन शनिवार को पुरस्कार वितरण समारोह हुआ। हालांकि इसमें ओवरऑल टीमों को पुरस्कृत करने के बाद बाकी खिलाड़ियों को मजबूरन बिना ईनाम राशि लिए वापस लौटना पड़ा। एईओ यशवीर सिंह ने बताया कि खेलों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय खिलाड़ियों को 1000, 750 और 500 रुपये की ईनाम राशि दी जाएगी। यह ईनाम राशि प्रदेश के सभी जिलों के डीईओ को भेज दी गई है। खिलाड़ियों को ईनाम राशि और प्रमाणपत्र देने का जिम्मा उन्हीं का होगा। ओवरऑल विजेता टीमों को रेवाड़ी के एईओ अनिल हुड्डा ने ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।
जन्म प्रमाणपत्र में ओवर राइटिंग, फैसले पर रोक
झज्जर की खिलाड़ी प्रवीण ने अंडर-19 में हैमर थ्रो खेलने के लिए जो दस्तावेज जमा कराए। वह फर्जी पाए जाने पर खेल अधिकारियाें और एईओ यशवीर सिंह ने फिलहाल फैसले पर रोक लगा दी है। दरअसल, अंडर-19 महिला वर्ग में शनिवार को हैमर थ्रो स्पर्धा हुई। इसमें प्रवीण ने दूसरा स्थान हासिल किया। खेल अधिकारियों ने विजेता खिलाड़ियों के दस्तावेजों की दोबारा से जांच की तो प्रवीण के जन्म प्रमाणपत्र में ओवर राइटिंग पाई गई। इस वजह से खेल अधिकारियों ने हैमर थ्रो के फैसले पर रोक लगा दी। इस खेल में पहला स्थान झज्जर की पूजा और तीसरा स्थान हिसार की पूजा ने हासिल किया है।
पानीपत के अभय ने जीती 5 किलोमीटर क्रास कंट्री रेस
अंडर-19 में लड़कों की पांच किलोमीटर की क्रास कंट्री हुई। इसमें पानीपत के अभय ने पहला, झज्जर के सनित ने दूसरा, पंचकूला के लक्ष्य ने तीसरा, भिवानी के अजय ने चौथा, जींद के सोनू ने पांचवां और अंबाला के अमरप्रीत ने छठा स्थान हासिल किया। अंडर-19 की पोल वॉल्ट में सोनीपत के अंकुर पहले, हिसार के प्रदीप दूसरे और सोनीपत के विक्रम तीसरे स्थान पर रहे। अंडर-14 में डिस्कस थ्रो में यमुनानगर की भारती ने प्रथम, अंबाला की आरुषि ने द्वितीय और भिवानी की बबिता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी आयु वर्ग में हाई जंप में भिवानी की काजल पहले, कैथल की समदिशा दूसरे और राई की मीनू तीसरे स्थान पर रही।
800 मीटर दौड़ में रोहतक का शंकर अव्वल
अंडर-19 में हुई 800 मीटर दौड़ में रोहतक के शंकर ने पहला, फरीदाबाद के गौरव ने दूसरा, जींद के यशपाल ने तीसरा स्थान पाया। रोहतक के कुशल ने चौथा और कैथल के हरप्रीत ने 5वां स्थान प्राप्त किया। लड़कियों की दौड़ में पानीपत की निशा ने प्रथम, हिसार की सुनील ने द्वितीय, भिवानी की पूजा ने तृतीय, रोहतक की रचना ने चौथा, हिसार की पूजा ने 5वां और जींद की सोनिया ने छठा स्थान हासिल किया। अंडर-19 में लड़कों की हैमर थ्रो स्पर्धा में भिवानी के सचिन पहले, सिरसा के धुपिंद्र दूसरे, भिवानी के दीपक तीसरे और सोनीपत के अजय चौथे स्थान पर रहे।
200 मीटर दौड़ में भिवानी का अतुल प्रथम
अंडर-19 में हुई 200 मीटर दौड़ में भिवानी के अतुल ने प्रथम, सोनीपत के आशीष ने द्वितीय, कैथल के ब्रिजेश ने तृतीय और सुनील ने चतुर्थ स्थान प्राप्त किया। लड़कियों की स्पर्धा में कैथल की कमलजीत ने पहला, हिसार की नान्ही ने दूसरा, महेंद्रगढ़ की पिंकी ने तीसरा स्थान हासिल किया। अंडर-14 की 200 मीटर दौड़ में रोहतक की अंजलि पहले, रेवाड़ी की अंतिम दूसरे, सोनीपत की वर्षा तीसरे और हिसार की मंजू चौथे स्थान पर रही। लड़कों की स्पर्धा में सोनीपत के मुकेश ने प्रथम, कैथल के अजय ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।