हरियाणा के रोहतक में एसबीआई के डिप्टी मैनेजर पटेल नगर निवासी इंद्रजीत नरुला (49) ने शनिवार सुबह बाथरूम में पत्नी की चुन्नी से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। वह आठ माह पहले हुई बेटे की मौत से गमजदा था। आर्य नगर थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस के मुताबिक जनवरी माह में पटेल नगर के युवक गुरप्रीत की नहर में डूबने से मौत हो गई थी। तभी से इंद्रजीत नरूला मानसिक तौर पर परेशान चल रहे थे। शनिवार सुबह मकान में उनकी पत्नी व छोटा बेटा था। परिवार के सदस्यों ने चाय ली। इसके बाद इंद्रजीत अंदर कमरे में चले गये। काफी देर तक बाहर न आने पर परिजनों को चिंता हुई।
यह भी पढ़ें : Weather Haryana: आफत की बारिश से थम गई जिंदगी, फसलों में भारी नुकसान, आगे भी यलो अलर्ट
अंदर जाकर देखा तो वह बाथरूम के रोशनदान से पत्नी के चुन्नी से फंदा लगाकर लटके हुए थे। मामले की सूचना पाकर इंद्रजीत के पिता रामसिंह मौके पर पहुंचे और पुलिस को अवगत कराया। आर्य नगर थाने से एएसआई अनिल कुमार व फॉरेंसिक एक्सपर्ट डॉक्टर सरोज दहिया मौके पर पहुंची। छानबीन के बाद परिजनों के बयान दर्ज किए। मृतक के पिता रामसिंह ने बताया कि इंद्रजीत बेटे की मौत से काफी आहत था। इसी मानसिक परेशानी के चलते उसने जान दी है।
इंद्रजीत नरूला एसबीआई में कार्यरत थे। जांच में पता चला है कि उनके बेटे की आठ माह पहले मौत हो गई थी। इस कारण मानसिक तौर पर वह परेशान रहते थे। बेटे के गम में ही उन्होंने शनिवार सुबह फंदा लगाकर जान दे दी।
- एएसआई अनिल कुमार, जांच अधिकारी, थाना आर्य नगर