रोहतक में नशा तस्करों के घर पर चला बुलडोजर।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी।
नशा तस्करी के तीन आरोपियों के मकानों पर रोहतक प्रशासन ने शनिवार सुबह बुलडोजर चलवा दिया। भारी संख्या में पुलिस व नगर निगम की टीम सुबह आठ बजे खोखराकोट में पहुंची और तीन जेसीबी से मकान तोड़ दिए। मकान में मौजूद महिलाएं किसी तरह का विरोध नहीं कर सकी। बारिश के बीच चार घंटे तक कार्रवाई चली। मौके पर मौजूद कुछ युवाओं ने सवाल उठाया कि अभी उनके परिवार के किसी सदस्य को दोषी करार नहीं दिया गया है, इससे पहले इस तरह की कार्रवाई कहां तक उचित है।
यह भी पढ़ें : Chandigarh: बिना मंजूरी वाले पद पर किया था काम, SPIC के पूर्व प्रमुख की नौकरी से निकाला, 25 लाख भरने के आदेश
पुलिस रिकार्ड के मुताबिक खोखराकोट निवासी निहाली देवी व उसके दो बेटों के खिलाफ नशा तस्करी के कई केस दर्ज हैं। इसके चलते दो साल पहले निहाली व उसके एक बेटे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था, जिसके बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। जबकि दूसरे बेटे को अब गिरफ्तार किया था। प्रदेश सरकार नशा रोकने के लिए कड़े कदम उठा रही है। इसी के चलते नशा तस्करी के आरोपियों की कमर तोड़ने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।
दो दिन पहले निगम प्रशासन ने तीनों के नाम नोटिस भेजा कि आपके मकान पुरातत्व विभाग की जमीन पर बनाए गए हैं। गैर कानूनी तरीके से निर्माण के चलते मकानों को गिरा दिया जाएगा। नोटिस के बाद शुक्रवार को पुलिस व निगम अधिकारियों की आपात बैठक हुई। तय हुआ कि शनिवार को मकान तोड़े जाएं। निगम की टीम सुबह आठ बजे एटीपी तिलकराज के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। दूसरी तरफ डीएसपी मुख्यालय डॉक्टर रवींद्र के नेतृत्व में भारी पुलिस बल पहुंचा। सिटी, आर्य नगर व पुरानी सब्जी मंडी थाना प्रभारी भी मौजूद रहे। करीब 10 बजे चेतावनी देकर पहले मकान खाली कराया गया। इसके बाद दोपहर तक बारिश के बीच तीन जेसीबी से मकानों को तोड़ दिया गया।