08 सीटीके 20 : नगर निगम कार्यालय के प्रांगण में कर्मचारियों को संबोधित करते नगर पालिका कर्मचार
रोहतक। नगर पालिका कर्मचारी संघ सरकार की अनदेखी व मांगों को पूरा कराने के लिए नए सिरे से आंदोलन करेगा। 16 व 17 दिसंबर को नगर निगम, नगर परिषद व नगर पालिकाओं में प्रदर्शन के साथ गेट मीटिंग होंगी। 24 दिसंबर से प्रदेश सरकार के मंत्रियों के आवास के बाहर प्रदर्शन कर मांग पत्र देंगे। 10 जनवरी से निकाय कार्यालयों के बाहर 12-12 घंटे की क्रमिक भूख हड़ताल शुरू की जाएगी। रविवार को नगर निगम कार्यालय के प्रांगण में प्रदेशस्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में प्रदेश अध्यक्ष नरेश शास्त्री ने यह घोषणा की।
शास्त्री ने कहा कि नगर पालिका कर्मचारी संघ उन इकाइयों के जल्द चुनाव करवाएगा, जहां कार्यकाल पूरा हो गया है। जल्द चुनाव तिथियों की घोषणा की जाएगी। वहीं, महासचिव मांगेराम तिगरा ने कहा कि सरकार ने पालिकाओं परिषदों व नगर निगमों में पालिका रोल पर कार्यरत सफाई कर्मचारी को समान काम समान वेतन देने, गुरुग्राम निगम के 26 सफाई कर्मचारी नेताओं को बर्खास्त की तिथि से वेतन देने, छटनीग्रस्त 3480 कर्मचारियों को न्याय दिलवाने, 27 जुलाई 2023 को नो वर्क नो पे के पत्र को वापस लेने तथा सफाई मित्र इन स्वच्छता पोर्टल का जारी किये गये पत्र में संशोधन करने के लिए सरकार ने शहरी स्थानीय निकाय विभाग को आदेश जारी किये हैं। उन्होंने कहा कि 10 वर्षों से एक भी सफाई कर्मचारी व सीवरमैन को न तो नियमित किया गया है, और न ही नियमित भर्ती की गई है। जींद में संपन्न हुए भगवान वाल्मीकि जयंती समारोह में मुख्यमंत्री की ओर से सफाई कर्मचारियों की वेतन में बढ़ोतरी करने का निर्णय भी स्पष्ट नहीं है। वहीं, नरेश शास्त्री ने कहा कि सरकार सफाई कर्मचारी परिवारों को सफाई का ठेका देने का झूठा दिलासा देना बंद कर सफाई व सीवर के कार्य में ठेकेदारी प्रथा को पूर्ण रूप से खत्म करे कार्यकर्ता सम्मेलन को संघ के वरिष्ठ उप प्रधान रमेश, उप महासचिव सुनील कुमार चिंडालिया, राजेश शिवचरण महेंद्र, फायर कर्मचारियों के राज्य प्रधान राजिंदर सिनंद व सुखदेव सिंह ने भी संबोधित किया।