महम। नगरपालिका के अधीन कार्य करने वाले ठेके के सफाई कर्मचारियों ने नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ शहर में झाड़ू लेकर प्रदर्शन किया। धरनारत सफाई कर्मचारियों ने नपा प्रशासन के खिलाफ नारे लगाए तथा ठेकेदार से मिलीभगत के आरोप लगाए।
सफाई कर्मचारियों के प्रधान श्याम का कहना है कि नगरपालिका प्रधान से लेकर अन्य अधिकारी ठेकेदार से मिलीभगत के चलते ठेकेदार का ही पक्ष ले रहे हैं। अगर वे चाहें तो ठेकेदार उनको पूरा वेतन दे सकता है। उनका कहना था कि नपा प्रशासन दस दिन तक सफाई न होने की सूरत में भी ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रहा। उन्होंने कहा कि ठेकेदार जब तक उनको 15100 रूपए प्रतिमाह वेतन, साबुन, तेल, स्वास्थ्य जांच आदि पूरी सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराता है वे काम पर नहीं लौटेंगे। कहा कि शुक्रवार को नपा प्रशासन का पुतला दहन किया जाएगा। इस बारे में नपा उपप्रधान बसंत लाल गिरधर का कहना है कि सफाई कर्मचारियों व ठेकेदार के बीच सुलह कराने के भरपूर प्रयास किए जा रहे हैं। बैठक भी की गई लेकिन अभी तक बात सिरे नहीं चढ़ सकी है। वे इस मामले में लगातार प्रयासरत हैं।