दिल्ली में राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी ने पहलवान साक्षी मलिक को दिया सम्मान
- फोटो : amar ujala
रियो ओलंपिक 2016 में कुश्ती में देश को कांस्य और पहला पदक दिलाने वाली पहलवान साक्षी मलिक को पद्मश्री सम्मान से सम्मानित किया गया। वीरवार को दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में हुए सम्मान समारोह में राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी ने साक्षी मलिक को पद्मश्री सम्मान दिया। इस कार्यक्रम में देश की विभिन्न खेल और अन्य विधाओं से जुड़ी हस्तियों को भी सम्मानित किया गया। सम्मान लेने पहुंची साक्षी की हर किसी ने प्रशंसा की।
सम्मान के बाद आई ससुराल पहुंची ओलंपियन
सम्मान लेने के बाद साक्षी मलिक अपनी ससुराल लौट आईं। यहां पर उन्होंने चैंपियनशिप की तैयारियों के लिए आराम करना सही न समझा। कुछ देर बाद वह घर पर ही बने जिम में पहुंच गईं और वहां काफी देर तक वर्कआउट किया। पति सत्यव्रत के साथ साक्षी ने पहलवानी के दांव साझा किए। बता दें कि रियो ओलंपिक में साक्षी मलिक ने कुश्ती में 58 किलोग्राम भारवर्ग में कांस्य पदक जीता था। इस मेडल को जीतने वाली साक्षी देश की पहली महिला पहलवान बन गई हैं। उनके इसी योगदान के लिए उन्हें पद्मश्री अवार्ड की सूची में शामिल किया गया था।