पहले माधुरी दीक्षित और अब परिणिती चोपड़ा।
क्या बेटी बचाओ अभियान का ब्रांड अंबेस्डर बनाने के लिए प्रदेश की खिलाड़ी बेटियां किसी से कम हैं? परिणिती चोपड़ा को अभियान का ब्रांड अंबेस्डर बनाए जाने को लेकर उठे विवाद में पूर्व सीएम हुड्डा ने भी खट्टर सरकार पर निशाना साधा है।
शुक्रवार को यहां स्थित अपने आवास पर प्रेस कांफ्रेंस में पूर्व सीएम ने कहा कि साइना नेहवाल और कृष्णा पूनिया जैसी प्रदेश की खिलाड़ियों को आगे लाते तो अच्छा कदम होता। हमारी इन खिलाड़ियों ने दुनिया भर में नाम कमाया है।
मुख्यमंत्रियों पर लगे आरोपों पर मोदी चुप क्यों
हुड्डा ने सवाल उठाया कि भाजपा के दिग्गज नेता अपने मुख्यमंत्रियों पर लग रहे भ्रष्टाचार के आरोपों पर चुप क्यों हैं? उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी से भी चुप्पी तोड़ने की अपील की। दावा किया कि हरियाणा सरकार की खामियों और प्रदेशभर के मुद्दों का हमने पूरा खाका तैयार कर लिया है। जनता की आवाज को विधानसभा में उठाएंगे।
लगातार बढ़ा रहे डीजल के दाम
हुड्डा ने कहा कि किसान पर कुदरत की मार के साथ-साथ सरकार की कारगुजारी भारी पड़ रही है। अंतर्राष्ट्रीय मार्केट में पेट्रोल-डीजल के घटते दामों के बावजूद पिछले 9 माह में कई बार दाम बढ़ाए जा चुके हैं। कांग्रेस के शासनकाल में जो वैट 9.24 फीसदी था, उसे बढ़ाकर 17.22 तक पहुंचा दिया गया है। पड़ोसी राज्यों के मुकाबले प्रदेश में डीजल महंगा है।
पंचायती चुनाव में देरी मतलब सत्ता का केंद्रीकरण
मौजूदा सरकार सत्ता का केंद्रीकरण करना चाहती है। पंचायती चुनाव में हो रही देरी से यही साबित होता है। बकौल हुड्डा प्रदेश सरकार अभी तक प्रदेश में 25 हजार लोगों नौकरियों से हटाकर बेरोजगार कर चुकी है। सत्ता परिवर्तन होते रहते हैं, लेकिन जितना जल्दी भाजपा से लोगों का मोहभंग हुआ, ये मैंने लंबे राजनीतिक कैरियर में पहली बार देखा है। इस मौके पर महम विधायक आनंद सिंह दांगी, पूर्व मंत्री कृष्णमूर्ति हुड्डा, पूर्व विधायक बी. बी. बतरा, अजय सिंघानिया, यशपाल पंवार और जयदीप धनखड़ मौजूद रहे।