राजीव गांधी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेली गई नेशनल वुमन सब जूनियर हॉकी चैंपियनशिप का ताज साई के सिर सजा। जबकि हरियाणा की टीम अपना तीसरा स्थान भी न बचा सकी।
मध्य प्रदेश की टीम से हारकर हरियाणा की टीम चौथे स्थान पर रही। रविवार को पंजाब और साई के बीच फाइनल मैच खेला गया। हरियाणा हाकी संघ के सचिव सुनील मलिक ने बताया कि 8 फरवरी को शुरू हुई चैंपियनशिप में देशभर के 16 राज्यों की टीमों ने हिस्सा लिया।
फाइनल मैच में पहले हाफ तक एक भी गोल नहीं हो सका, लेकिन दूसरे हाफ में साई की टीम ने लगातार दो गोल दागे और उसके बाद पंजाब ने एक गोल किया। वहीं आखिरी तक साई की टीम ने 2-1 से बढ़त बनाए रखते हुए जीत हासिल की। इसके अलावा तीसरे नंबर के लिए मध्य प्रदेश और हरियाणा के बीच मैच खेला गया। इसमें मध्य प्रदेश ने हरियाणा को 6-5 से हराया। विधायक मनीष ग्रोवर ने सभी टीमों को ट्राफी और खिलाड़ियों को मेडल देकर सम्मानित किया।