दहेज प्रथा, नशाखोरी, शादी और अन्य कार्यक्रमों में डीजे बजाने पर रोक लगाने के लिए रोक लगाने के लिए सहरावत खाप जागरूकता अभियान चलाएगी। इन पर नियंत्रण केे लिए निगरानी कमेटियों का गठन किया जाएगा। यह फैसला रविवार को गांव भैंसरू खुर्द में खाप के राष्ट्र स्तरीय का वार्षिक सम्मेलन में लिया गया। इसकी अध्यक्षता बुजुर्ग सुभाषचंद्र ने की।
खाप प्रतिनिधियों ने कहा कि दहेज प्रथा के कारण लोग बेटियों को बोझ समझते हैं। जब दहेज ही नहीं रहेगा तो बेटी किसी गरीब के लिए भी बोझ नहीं होगी। शादी और खुशी के दूसरे मौकों पर डीजे बजाने को भी सामाजिक बुराई बताते हुए खाप प्रतिनिधियों ने कहा कि इससे कई बार बड़े विवाद हुए हैं। इनमें हत्या तक हो जाती है।
इसके अलावा डीजे से पशुओं और मनुष्यों के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ता है। डीजे पर पूर्ण पाबंदी लगाई जाएगी। युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति को खत्म करने के लिए सहमति बनी। इसके लिए युवाओं को जागरूक किया जाएगा। साथ ही विवाह में छोटी बरात ले जाने पर सहमति हुई। खाप प्रतिनिधियों ने कहा कि बुराइयों को कानून के बजाय समाज के दबाव से ज्यादा प्रभावी तरीके से दूर किया जा सकता है।
पुनीत को खाप का जिला अध्यक्ष चुना
इस वार्षिक मिलन समारोह में पश्चिमी दिल्ली से भाजपा सांसद कमलजीत, मटियाला (दिल्ली) से बीजेपी विधायक संदीप सहरावत, खाप के राष्ट्रीय अध्यक्ष मूलचंद सिंह, हरियाणा प्रभारी यशपाल, राष्ट्रीय संयोजक संदीप कुमार, जगदीश, नरेंद्र पहलवान, उत्तर प्रदेश से तेजवीर के अलावा राजस्थान, उत्तराखंड, गुजरात से भी खाप प्रतिनिधि शामिल हुए। इस दौरान सरपंच पुनीत कुमार को सहरावत खाप का रोहतक जिला अध्यक्ष बनाया गया है।