भिवानी। गांव खरक कलां की कैनरा बैंक शाखा में मृतक बुजुर्ग पेंशनधारकों के खातों से 2,56,200 रुपये निकाले जाने का मामला सामने आया है। मृतकों के बैंक खातों से पेंशन की राशि हड़पने का आरोप बैंक शाखा में तैनात सफाई कर्मचारी पर लगा है। कैनरा बैंक रोहतक के क्षेत्रीय प्रमुख अक्षय मूर्ति ने मामले की जांच के बाद सरकारी राशि गबन की शिकायत सदर पुलिस को दी। इसके बाद आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज हुआ है।
सदर पुलिस को दी शिकायत में कैनरा बैंक रोहतक क्षेत्रीय प्रमुख अक्षय मूर्ति ने बताया कि कैनरा बैंक खरक कलां शाखा में खांडयान पाना खरक कलां निवासी मोनू बतौर सफाई कर्मचारी कार्य कर रहा है। बैंक शाखा में खरक कलां मानान पाना निवासी नरेंद्र ने शिकायत दी। इसमें बताया गया था कि बैंक कर्मचारी की मिलीभगत से सरकारी पैसे का गबन किया गया है। शिकायत में बताया गया कि मृतक शांति देवी वासी खरक कलां के बैंक खाता से पैसे निकाले गए हैं, जबकि खाताधारक का देहांत 28 नवंबर 2018 को हो चुका है। खाता धारक के वारिसों ने इसकी सूचना भी बैंक शाखा को दी हुई है।
खाता धारक महिला की बुढ़ापा पेंशन खाते में आती थी। इसकी मृत्यु के बाद भी बुढ़ापा पेंशन बैंक बचत खाता में आती रही। उस खाता से 7 अक्तूबर 2023 को 8100 रुपये और 12 अक्तूबर को 20 हजार व दूसरी बार 20 हजार रुपये निकाले गए। शिकायत मिलने के बाद क्षेत्रीय कार्यालय रोहतक ने जब मामले की प्रारंभिक जांच कराई तो कई अन्य मृतकों के बैंक खाता से भी इस तरह राशि निकालने का गड़बड़झाला उजागर हुआ।
जांच में पता चला कि 8 सितंबर से 12 अक्तूबर 2023 तक दो लाख 56 हजार 200 रुपये धोखाधड़ी से निकाले गए हैं। इसमें शांति देवी से 48,100 रुपये व आनंदी के खाता से 82,100 रुपये और चमेली देवी के खाता से 1,26,000 रुपये के खाता से पेंशन की राशि निकाली गई है। इन सभी महिलाओं का देहांत हो चुका है। जांच में यह भी उजागर हुआ कि शाखा में तैनात आरोपी सफाई कर्मचारी ने निकासी फार्माें पर मृतकों के फर्जी अंगूठे लगाकर स्वयं शिनाख्त कर पैसे निकालकर डकारे हैं। इस संबंध में मामले की शिकायत सदर पुलिस थाना में दी गई। जिस पर सदर पुलिस ने धोखाधड़ी की संबंधित धाराओं के तहत मोनू के खिलाफ केस दर्ज हुआ है। संवाद