रोहतक। मानसिक स्वास्थ्य के महत्व और हैप्पीनेस के संदेश को बुलंद करते हुए महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राजबीर सिंह ने विवि की हैप्पीट्यूड लेबोरेट्री के वेब पेज, ब्रोशर और असेसमेंट टूल्स का लोकार्पण किया।
कुलपति ने कहा कि समाज में मानसिक स्वास्थ्य की चुनौतियां बढ़ी हैं। विद्यार्थी समेत समाज के विभिन्न वर्गों में उदासी, तनाव व अवसाद बढ़ रहा है। ऐसे में अच्छे मानसिक स्वास्थ्य की प्राप्ति का लक्ष्य प्राथमिकता होनी चाहिए। वर्ष 2024 में एमडीयू मिशन हैप्पीनेस के साथ यूनिवर्सिटी स्टेक होल्डर्स में मानसिक स्वास्थ्य व खुशी का ग्राफ बढ़ाने का प्रयास करेगा। उन्होंने लैब प्रभारियों- प्रो. अंजलि मलिक व प्रो. दीप्ति हुड्डा को सराहा।
हैप्पीट्यूड लेबोरेट्री की प्रोफेसर इंचार्ज प्रो. अंजलि मलिक व प्रो. दीप्ति हुड्डा ने हैप्पीट्यूड लेबोरेट्री के उद्देश्य, वेब पेज के फीच्रस, महत्व, हैप्पीट्यूड ब्रोशर तथा हैप्पीनेस मूल्यांकन टूल्स बारे विस्तार से प्रकाश डाला।
गौरतलब है कि हैप्पीट्यूड लेबोरेट्री का उद्घाटन 7 जनवरी 2023 को सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने किया था। इस हैप्पीट्यूड लेबोरेट्री के तत्वावधान में साइंस आफ हैप्पीनेस वेल्यू एडेड पाठ्यक्रम संचालित किया जा रहा है। प्रत्येक शनिवार को दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक हैप्पीट्यूड लेबोरेट्री के प्रोफेसर इंचार्ज एफडीसी भवन स्थित हैप्पीट्यूड लैब में परामर्श हेतु उपलब्ध रहेंगे।