झज्जर। नगर परिषद सभागार में मंगलवार सुबह पेमेंट अप्रूवल कमेटी की बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता चेयरमैन जिले सिंह सैनी ने की। इसमें 10 में से 65.31 लाख रुपये के 9 कार्यों की राशि अदायगी पर मुहर लगा दी गई, लेकिन बंदर पकड़ने की राशि मंजूर नहीं की गई। बैठक में उपप्रधान अंशुल प्रवीण गर्ग, कार्यकारी अधिकारी केके यादव व दो जेई शामिल हुए।
बैठक में एक-एक करके सभी दस कार्यों को रखा गया है। इसमें सभी कार्यों की राशि मंजूर करने को लेकर चर्चा की गई। बैठक में चेयरमैन ने बताया कि संबंधित ठेकेदार को पहले ही कहा गया है कि वह सभी 19 वार्ड के पार्षदों से लिखवाकर लाए कि उनके वार्ड से बंदर पकड़ने गए हैं, लेकिन वह ऐसा नहीं कर रहा है। यदि सभी पार्षद उनके कार्य से संतुष्ट होंगे तो उनकी राशि कर दी जाएगी। ठेकेदार ऐसा नहीं कर रहा है। यदि ठेकेदार लिखवाकर लाता है तो उसकी राशि जारी कर दी जाएगी।
इस पर बाकी सदस्यों व उपप्रधान और कार्यकारी अधिकारी ने भी सहमति दी और कहा कि यदि ठेकेदार सभी वार्ड पार्षदों से लिखवाकर लाता है तो कमेटी उनकी राशि मंजूर कर देगी। इसके बाद बंदर पकड़ने वाले ठेकेदार की लगभग 7.65 लाख रुपये की राशि को फिलहाल रोक दिया गया है। इसके अलावा बाकी 9 कार्यों की लगभग 65.31 लाख रुपये की राशि को कमेटी ने अप्रूव कर दिया है।
इन कार्यों की अप्रूव की गई राशि
वार्ड नंबर-एक शिव कॉलोनी में संदीप के घर से राजा, भतेरी के घर से मुकेश, भरपूर के घर से चंद्रप्रकाश, राजा के घर से राजपाल, डॉ. भारद्वाज के घर से राजबीर चाहर और अनिल गुलिया के घर से भतेरी के घर तक सीसी गली निर्माण की राशि मंजूर की गई है। इसी प्रकार से वार्ड नंबर-4 में प्रसाद गिरि मंदिर, 84 घंटे मंदिर से चौगान माता तक सीसी गली निर्माण, वार्ड नंबर-6 में बाॅबी के घर से पप्पू अग्रवाल, दीवान गेट चौक से वीरेंद्र पंडित और अमित सिंघल के मकान से रवि अग्रवाल तक टूटी गलियों का निर्माण को मंजूरी मिली है। वार्ड नंबर-10 में बुद्धो महादेव मंदिर और आई अस्पताल तक सीसी गली निर्माण, वार्ड नंबर-14 में यादव धर्मशाला से सुखदेव क्लीनिक और यादव धर्मशाला चौक तक सीसी गली निर्माण की राशि पर मुहर लगी है। वार्ड नंबर-16 में उदय सैन और भीम सैन, भूप सैनी में सीसी गली और पुलिया निर्माण, वार्ड नंबर-17 में दिलीप के घर से डॉ. राकेश और मुख्य कोसली रोड वाया जय सिंह सैनी से महेंद्र के घर तक और रमेश चंद्र के घर से श्रीभगवान के घर तक गली निर्माण, वार्ड नंबर-15 में धर्मबीर आटा चक्की रहणिया रोड से आनंद मोहन स्कूल तक ओपन ड्रेन का निर्माण कार्यों की राशि मंजूर की गई है।