ग्रुप-डी ईएसपी की अटकी भर्ती को लेकर प्रदेश भर में विभिन्न खेलों से जुड़े खिलाड़ियों ने शनिवार दोपहर शहर में जोरदार प्रदर्शन किया। सामाजिक कार्यकर्ता नवीन जयहिंद के नेतृत्व में मानसरोवर पार्क से एकत्रित हुए युवाओं ने भाजपा के प्रांतीय कार्यालय तक रोष प्रदर्शन किया। यहां लड़कियों ने कबड्डी व बास्केटबॉल खेला तो लड़कों ने कुश्ती, क्रिकेट व अन्य खेलकर अपने हकों के लिए आवाज उठाई। बाद में सरकार को 15 दिन का अल्टीमेटम देते हुए अपनी मांगों का ज्ञापन और सोटा (व्यायाम में प्रयोग होने वाली गदा) नायब तहसीलदार बंसीलाल को सौंपा गया।
ग्रुप-डी ईएसपी की भर्ती नहीं होने के विरोध में शनिवार दोपहर युवा मानसरोवर पार्क में एकत्रित हुए। यहां खिलाड़ियों की नौकरी को लेकर चर्चा करने के बाद सभी मानसरोवर पार्क से भाजपा के प्रांतीय कार्यालय तक सड़क पर नारेबाजी करते हुए पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने रुकी हुई ग्रुप डी स्पोर्ट्स कोटे की भर्ती जल्द भरने की मांग समेत अन्य मुद्दों को लेकर नारे लगाए। भाजपा कार्यालय के बाहर पुलिस ने बैरिकेड्स लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। इसके बाद सभी ने वहीं दंगल सजाया और खेल का प्रदर्शन करते हुए विरोध प्रकट किया।
सीएम आवास पर 15 दिन बाद होगा दंगल
नवीन जयहिंद ने कहा कि अप्रैल 2018 से रुकी ग्रुप-डी ईएसपी स्पोर्ट्स कोटे की भर्ती बहाल की जाए। ऐसा नहीं होने पर 15 दिन बाद मुख्यमंत्री आवास पर इसी तरह दंगल किया जाएगा। सरकार को खिलाड़ियों की मांगों को लेकर गंभीर हो जाए। बार-बार चेतावनी देने के बावजूद खिलाड़ियों की जायज मांगों को पूरा नहीं किया जा रहा है। इससे खिलाड़ियों व युवाओं में रोष पनप रहा है। ग्रुप-डी के चयनित उम्मीदवारों को सीएम के आश्वासन के बाद भी नियुक्ति नहीं मिली है।
सीएस ने जनवरी के बाद जारी नहीं किया है पत्र
खिलाड़ियों ने कहा कि वर्ष 2019 में 1518 उम्मीदवार खेल कोटे से लगे थे। इसमें नकली सर्टिफिकेट से 637 उम्मीदवार लगे। इन्हें उच्च न्यायालय की डबल बेंच के आदेशानुसार निकाल दिया गया। इनकी जगह असली सर्टिफिकेट वालों का रिजल्ट निकालकर 2, 3, 4, 5 व 21 मार्च 2022 को एचएसएससी की ओर से डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन की गई। इसकी वैधता 31-8-2023 थी। एचएसएससी की ओर से 27-1-2023 को सीएस को पत्र भेजा गया था। इसके बाद से सीएस ने कोई पत्र जारी नहीं किया है। इस मौके पर अनेक युवा खिलाड़ी मौजूद रहे।