रोहतक। जिले के गांव बहुजमालपुर में शातिराना अंदाज में दो युवक शराब के ठेके से 40 हजार रुपये निकाल कर ले गए। पहले ठेके के बाहर आग लगा दी। जब कारिंदा बुझाने ताला खोलकर बाहर आया तो अंदर घुसकर नकदी लेकर फरार हो गए। इस संबंध में बहुअकबरपुर थाने में केस दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक उत्तर प्रदेेश के जिला कन्नौज के गांव नंगला मदारी निवासी अमित ने दी शिकायत में बताया कि वह गद्दी खेड़ी गांव निवासी सेवा सिंह के पास जून 2021 से सेल्समैन की नौकरी करता है। शनिवार की रात करीब साढ़े 10 बजे वह बहुजमालपुर गांव स्थित शराब के ठेके पर मौजूद था। वह जब सोने की तैयारी कर रहा था, तभी दो युवक बाइक पर आए। युवकों ने आवाज लगाकर शराब की मांग की। उसने देने से मना कर दिया। नाराज युवकों ने ठेके के बाहर पहले ज्वलशील पदार्थ छिड़का और आग लगा दी। मुख्य गेट पर आग लगने से वह घबरा गया और गेट खोलकर बाहर आया। एक युवक उसे पकड़े लगा, जबकि दूसरा वहीं खड़ा रहा। उसने भागकर ठेकेदार को फोन किया। थोड़ी देर बाद युवक चले गए। साथ ही आग भी बुझ गई थी। उसने अंदर आकर देखा तो गल्ले से 40 हजार रुपये गायब मिले। युवक बहुअकबरपुर गांव के एक युवक का नाम ले रहे थे। उसके जानकार हो सकते हैं। पुलिस ने नकदी चोरी का मामला दर्ज किया है।