रोहतक। पुलिस ने शहर के खोखराकोट इलाके में रामजोहड़ी के नजदीक छापा मारकर प्रतिबंधित दवा सहित एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी डेयरी मोहल्ला निवासी दीपक के पास ओमेरिक्स कफ् सिरिप की 215 शीशी बरामद हुई। इस संबंध में पुरानी सब्जी मंडी थाने में 20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक गश्त के दौरान एएसआई ओमप्रकाश को सूचना मिली कि डेयरी मोहल्ला निवासी दीपक प्रतिबंधित नशे की दवाइयों का कारोबार करता है। थोड़ी देर में वह प्रतिबंधित दवा लेकर खोखराकोट के रामजोहड़ी के पास आएगा। पुलिस ने पुख्ता सूचना के आधार पर रामजोहड़ी के पास नाका लगाया। थोड़ी देर बाद भोम के अखाड़े की तरफ से एक युवक पैदल आता दिखाई दिया, जो सिर पर एक प्लास्टिक का कट्टा रखे हुए था। शक के आधार पर उसे काबू किया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान डेयरी मोहल्ला निवासी दीपक के तौर पर की। इसके बाद ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में तलाशी ली। कब्जे से खांसी की प्रतिबंधित दवा की 215 शीशी बरामद हुई।