सोनीपत: खरखौदा में उर्दू के शिक्षक ने अपनी की शिष्या के साथ दुष्कर्म कर दिया। छात्रा आरोपी के घर उर्दू की पढ़ाई करने गई थी। वह उसे कार में खेतों की तरफ ले गया और वहां पर दुष्कर्म किया। बाद में आरोपी छात्रा को शहर के एक चौक पर छोडक़र फरार हो गया। छात्र की मां उसे तलाश करते हुए पहुंची तो बेटी को बेसुध हालत में पाया। वह उसे अस्पताल लेकर गई और बाद में दुष्कर्म का पता लगने पर पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
महिला ने पुलिस को बताया उसकी 16 वर्षीय बेटी वार्ड में ही उर्दू शिक्षक नूर इस्लाम के पास उर्दू की पढ़ाई करने जाती थी। सोमवार को भी वह उसके घर गई थी। जब वह काफी देर तक वापस नहीं आई तो महिला बेटी को ढूंढते हुए उनके घर तक पहुंच गई। लेकिन वहां पर लडक़ी नहीं मिली व न ही उर्दू शिक्षक घर पर था। महिला ने आरोपी की पत्नी से इस बारे में पूछा तो उसने भी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। इसके बाद उसे उसकी बेटी के शहर के एक चौक पर बेसुध हालत में पड़े होने की सूचना मिली। जब उसने अपनी बेटी के पास जाकर उसे संभाला तो उसने बताया कि नूर इस्लाम उसे जबरदस्ती कार में बैठाकर ले गया और खेतों में ले जाकर दुष्कर्म किया। इसके बाद उसे चौक के पास उतारकर कर भाग गया। जिस पर उसने अस्पताल में बेटी का उपचार कराया और पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने महिला के बयान पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जसपाल सिंह का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।