रोहतक। स्वर कोकिला लता मंगेशकर के निधन के चलते मुख्यमंत्री मनोहर लाल का रोहतक दौरा अंतिम समय पर रदद् हो गया है। मुख्यमंत्री रविवार की शाम हिसार रोड पर दुकानों के शिलान्यास और सेक्टर 21 के कम्युनिटी सेंटर का उद्घाटन करने के लिए आ रहे थे। जिला प्रशासन मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर तैयारी में सुबह से जुटा हुआ था। सुबह से ख़ोजी कुत्ता और बम निरोधक दस्ता चप्पे चप्पे की जांच में जुटा था। पुलिस प्रशासन की टीमें लगाता सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम में जुटी थी। एक तरफ नगर आयुक्त की मौजूदगी में कार्यक्रम स्थल पर शामियाना लगाया जा रहा था तो दूसरी तरफ संयुक्त नगर आयुक्त के नेतृत्व में टीमें सफाई कार्य में जुटी हुई थी। दोपहर करीब 1:20 पर मुख्यमंत्री कार्यालय से संदेश मिला कि मुख्यमंत्री का दौरा स्थगित कर दिया गया है। इसके बाद तुरंत ही कुर्सियों को समेटने का काम शुरू हो गया। सुरक्षा में लगी टीमें लौट गई। नगर आयुक्त ने नरहरि बांगड़ ने बताया कि लता मंगेशकर के निधन पर दो दिवसीय राष्ट्रीय शोक घोषणा किया गया है, जिसकी वजह से मुख्यमंत्री का कार्यक्रम रद्द हुआ है।