माई सिटी रिपोर्टर
रोहतक।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं का मांगो को ले कर विरोध प्रदर्शन मंगलवार को भी जारी रहा। अपनी मांगों को लेकर मानसरोवर पार्क में हड़ताल पर बैठी कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी के जरिए सरकार के खिलाफ रोष प्रकट किया। यहां कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक के जरिए सरकार के निजीकरण मुद्दे को उठाते हुए आमजन का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास किया।
पार्क में नाटक मंचन करते हुए कलाकारों ने महंगाई, बेरोजगारी, बिगड़ती अर्थव्यवस्था मुद्दों पर कटाक्ष किया। आम आदमी की बोलने की आजादी को लेकर कलाकारों ने सरकार की पाबंदियों की निंदा की। आंदोलनों को कुचलने के लिए पुलिस बल व अन्य हथकंडे अपनाने को गलत ठहराते हुए सरकार से आमजन की बात सुनने की अपील की। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने कहा कि सरकार अरसे से हमारी मांगों को अनसुना कर रही है। जबकि इस संबंध में घोषणा खुद सरकार ने ही की थी। सरकार के नुमाइंदे उसे पूरी नहीं कर रहे हैं। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करना पड़ रहा है। अपना हक मिलने तक यह आंदोलन जारी रहेगा।