माई सिटी रिपोर्टर
रोहतक।
कलानौर खंड के गांव निगाना में घर के बाहर गली की सफाई के बाद कूड़ा करकट इकट्ठा करने को लेकर पड़ोसियों में झगड़ा हो गया। आरोप है कि पड़ोसियों ने एक महिला का न केवल सिर फोड़ दिया, बल्कि सोने की चेन भी तोड़ी ली। घायल महिला को पीजीआई में दाखिल कराया गया।
पुलिस के मुताबिक निगाना गांव निवासी गीता ने दी शिकायत में बताया कि 7 जनवरी को वह घर के बाहर गली में सफाई कर रही थी। जब कूड़ा करकट उठाकर डस्टबिन में डालने लगी है तभी पड़ोस की एक महिला आई और उसके साथ गाली-गलौज करने लगी। जब तक वह कुछ समझ पाती उसके दोनों लड़कों ने उसे पकड़ लिया और आरोपी महिला ने सिर में धारदार हथियार से वार कर दिया। जब महिला दूसरा वार करने लगी, तभी पड़ोसियों ने उसे किसी तरह बचाया। पीड़ित महिला बेहोश हो गई । मामले की सूचना पाकर परिजन मौके पर पहुचे और उसे कलानोर के सामुदायिक केंद्र में दाखिल कराया, जहां से सिविल अस्पताल रोहतक रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों ने महिला की हालत को देखते हुए उसे पीजीआई के ट्रामा सेंटर भेज दिया। अब वह छुट्टी पाकर घर पहुंची तो आरोपी उसके घर आए और समझौते के लिए दबाव बनाया। समझौता न करने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने आरोपी महिला उसके पति व दो बेटों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।